पहले पोस्टर पर कालिख पोती थी, अब मुंह पर कालिख पोतेंगी महिलाएं : दीप माला
![]()
दिवंगत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा
गढ़वा : गढ़वा विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी लगातार महिलाओं के विरुद्ध अमर्यादित टिप्पणी कर रहे हैं। महिलाओं के प्रति उनकी सोच काफी घटिया है। वे अपनी हरकतों से बाज आएं। अन्यथा पिछली बार तो महिलाओं ने उनके पोस्ट पर कालिख पोता था, इस बार महिलाएं उनके मुंह पर कालिख पोतने को तैयार हैं। जिला परिषद अध्यक्ष शांति देवी व मेराल प्रखंड प्रमुख दीप माला ने गुरुवार को होटल पद्मावती में संयुक्त रूप से प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर उक्त बातें कहीं।
उन्होंने कहा कि विधायक श्री तिवारी के नजर में राजनीति करने वाली महिला व्यभिचारी हैं। लेकिन जब वे विधान सभा का चुनाव लड़ रहे थे तो उनकी पत्नी और बेटी भी उनके लिए प्रचार कर रही थीं। क्या वे भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं के प्रति भी यही सोच रखते हैं ? भाजपा का बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान में क्या इसी तरह के घटिया सोच वाले लोगों की जरूरत है। मुद्दों और जिम्मेदारी के बजाय महिलाओं पर लगातार अमर्यादित टिप्पणी करने वाले विधायक श्री तिवारी के खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के बदले ऐसे ही घटिया सोच के लोगों को ही पार्टी में जगह देना भाजपा की प्रवृत्ति बन गई है।
इन्होंने कहा कि जन प्रतिनिधि होने के नाते पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर के पास गढ़वा की तमाम जागरुक एवं सक्रिय महिला अपनी समस्या को लेकर मिलने जाती हैं । विधायक यह बताएं कि क्या उनकी नजर में गढ़वा की सभी महिला व्यभिचारी हैं ? विधायक गढ़वा की जनता को यह बताएं कि व्यभिचारी का मतलब क्या होता है।
नेत्री द्वय ने कहा कि विधायक इस बात का जवाब दें कि क्या उनकी नजर में महिला चूल्हा, चौका करने वाली और बच्चा पैदा करने वाली वस्तु है? उनसे मिलने वाली महिला जो मुखिया, वार्ड पार्षद और पंचायत समिति सदस्य हैं क्या उनको भी वह व्यभिचारी की नजर से देखते हैं? भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं शीर्ष नेता यह बताएं कि विधायक श्री तिवारी का महिलाओं के प्रति बयान से भाजपा सहमत है? क्या श्री तिवारी को महिलाओं को चरित्र प्रमाण पत्र देने के लिए अधिकृत किया गया है? महिला को शर्मसार करने वाले ऐसे लोग अपनी बहू बेटियों को भी इसी नजर से देखते हैं।
क्या गढ़वा की जनता ने श्री तिवारी को विधायक इसलिए चुना था कि वे नारियों के खिलाफ टीका-टिप्पणी करें? अमर्यादित भाषा का प्रयोग करें? क्या गढ़वा में राजनीति का स्तर यही होना चाहिए जैसा विधायक कर रहे हैं। इन महिलाओं ने गढ़वा की आम-आवाम से अनुरोध करते हुए कहा कि सभी लोग ऐसे घटिया सोच के व्यक्ति के खिलाफ सोशल मीडिया तथा अन्य मंचों से विरोध शुरू करें। नहीं तो आने वाली पीढ़ी ऐसे ही घटिया जनप्रतिनिधियों का अनुसरण करेगी। इन्होंने कहा कि समाज में नारी शक्ति, नारी वंदना, कन्या पूजन और महिलाओं को देवियों का दर्जा वाली भावना के खिलाफ विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी ने बयान दिया है। जो अत्यंत ही घटिया और निंदनीय है।
इस मौके पर जिला परिषद अध्यक्ष शांति देवी,महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष रेखा चौबे, मेराल प्रमुख दीपमाला कुमारी, केंद्रीय सदस्य अंजलि गुप्ता, मेराल प्रखंड अध्यक्ष आराधना सिंह,जिला प्रवक्ता महिला मोर्चा रेखा पाठक, अर्चना प्रकाश जिला परिषद मझिआंव मीणा देवी, जिला उपाध्यक्ष महिला मोर्चा, वंदना जायसवाल, नगर परिषद अध्यक्ष महिला मोर्चा उपस्थित थीं।








