श्री बंशीधर नगर में 3 नौमिनेशन व गढ़वा तथा मझिआंव में शून्य
![]()
दिवंगत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा
गढ़वा : झारखंड में जारी नगर निकायों के निर्वाचन के दौरान जिला अंतर्गत तीन नगर निकायों गढ़वा नगर परिषद, श्री बंशीधर नगर नगर पंचायत एवं मझिआंव नगर पंचायत में भी चुनाव प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। इन तीनों नगर निकायों में 29 जनवरी 2026 से नामांकन की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। यद्यपि गढ़वा नगर परिषद एवं मझिआंव नगर पंचायत मे नामांकन प्रपत्र की बिक्री हुई है। लेकिन किसी भी प्रत्याशी ने अभी तक नामजदगी का पर्चा दाखिल नहीं किया है। जबकि श्री बंशीधर नगर नगर पंचायत में अध्यक्ष पद की तीन प्रत्याशियों ने नॉमिनेशन कर दिया है। गढ़वा नगर परिषद की बात करें तो 30 जनवरी 2026 तक अध्यक्ष पद के लिए 14 नॉमिनेशन फॉर्म की बिक्री हो चुकी थी। जबकि 31 जनवरी 2026 को केवल एक प्रत्याशी दीपक कुमार शर्मा ने नॉमिनेशन फॉर्म खरीदा है। किसी ने अभी तक फार्म जमा नहीं किया है। इधर श्री बंशीधर नगर नगर पंचायत में 31 जनवरी 2026 को निवर्तमान अध्यक्ष विजया लक्ष्मी एवं किरण कुमारी ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया है। इससे पूर्व 30 जनवरी 2026 को एक प्रत्याशी सुधा देवी ने नामांकन प्रपत्र जमा कर दिया था। इस प्रकार यहां तीन प्रत्याशियों ने नॉमिनेशन कर लिया है। वहीं 30 जनवरी 2026 तक मझिआंव नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के लिए 7 प्रत्याशियों ने नॉमिनेशन फॉर्म खरीदा था। जबकि 31 जनवरी 2026 को दो प्रत्याशियों ने नॉमिनेशन फॉर्म खरीदा है। इनमें सूर्य देव माली एवं संजय कुमार सिंह का नाम शामिल है। यहां भी अभी तक अध्यक्ष पद के किसी भी प्रत्याशी ने नामजदगी का पर्चा दाखिल नहीं किया है। मालूम हो कि 29 जनवरी 2026 से 4 फरवरी 2026 तक नामांकन की तिथि निर्धारित है। जबकि 5 फरवरी 2026 को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। वहीं 6 फरवरी 2026 को इच्छुक प्रत्याशी अपना नाम वापस ले सकते हैं। इसके बाद जो भी प्रत्याशी शेष बचेंगे उनके बीच 7 फरवरी 2026 को चुनाव चिन्ह का आवंटन कर दिया जाएगा। जबकि गढ़वा जिला के तीनों नगर निकायों के साथ झारखंड राज्य के सभी 48 नगर निकायों में एक ही दिन 23 फरवरी 2026 को मतदान कराया जाएगा। इस दिन सभी प्रत्याशियों का भाग्य मत पेटी में बंद हो जाएगा। उसके पांचवें दिन 27 फरवरी 2026 को मत पेटी खुलने के बाद सभी प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला हो जाएगा।








