प्रधान संयोजक राकेश पाल ने जताया आभार
![]()
दिवंगत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा
गढ़वा : जागृति युवा क्लब, जोबरईया गढ़वा के द्वारा जिला मुख्यालय के समीप बंडा पहाड़ स्थित श्री नीलकंठ महादेव मंदिर परिसर में श्री रुद्र महायज्ञ का विराट आयोजन किया गया। 08 से 16 मार्च 2026 तक आयोजित विराट श्री रुद्र महायज्ञ के सफल समापन के पश्चात अपने सभी सहभागियों के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने के उद्देश्य से रविवार को संध्या 7:00 बजे से नीलकंठ महादेव मंदिर परिसर में श्री रुद्र महायज्ञ आयोजन समिति के सदस्यों के लिए सम्मान समारोह -सह- वनभोज का आयोजन किया गया। उक्त कार्यक्रम में नवादा पंचायत की मुखिया आशा देवी के प्रतिनिधि सुरेंद्र यादव, गढ़वा प्रखंड प्रमुख अनीता देवी के प्रतिनिधि नंदकिशोर मेहता, महायज्ञ में भंडारा के आयोजक ग्राम जोबरईया के अभिभावक रामप्रीत पाल के साथ महायज्ञ के नौ दिवसीय आयोजन में समर्पण भाव के साथ अपनी भागीदारी निभाने वाले सैकड़ो कार्यकर्ता साथियों को अंगवस्त्र प्रदान करके उनका अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में अपने विचार रखते हुए क्लब के संरक्षक अनुज प्रसाद ने कहा कि कार्यक्रम की सफलता के पीछे का मुख्य कारण यह है कि सदस्यों ने कभी भी किसी दूसरे सदस्य से अपने कार्यों की तुलना नहीं की। सबने अपनी-अपनी जवाबदेही से कार्य किया। सुरेंद्र यादव ने कहा कि नवादा पंचायत में अब तक के इतिहास में नौ दिवसीय श्री रुद्र महायज्ञ आयोजन का यह पहला उदाहरण है। महायज्ञ के संचालन में लगे हुए सभी साथियों का मेरी ओर से अभिनंदन और भविष्य के लिए शुभकामनाएं। गढ़वा प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि नंदकिशोर मेहता ने कहा कि समाज में कई विचारधारा के लोग होते हैं। कुछ लोगों का काम हर कार्य में गलती ढूंढना और लोगों को हतोत्साहित करना होता है। जागृति युवा क्लब के सभी साथियों ने समर्पण भाव से काम किया और नकारात्मक विचारधारा से प्रभावित नहीं हुए। इसी का परिणाम रहा कि गढ़वा जिला में यह ऐतिहासिक महायज्ञ का बेहतर आयोजन व सबसे बेहतर उदाहरण संभव हो सका। अपने विचार रखते हुए जागृति युवा क्लब के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार पाल ने कहा कि मनुष्य निमित मात्र है। काम कराने की शक्ति परमात्मा में विद्यमान है। उसी के अनुरूप सभी लोगों को प्रेरणा मिलती है और हम सब धर्म के कार्य में अग्रसर होते हैं। इस महायज्ञ में अपना अंश मात्र भी योगदान देने वाले सभी साथियों को जागृति युवा क्लब की ओर से बहुत बहुत अभिनंदन। विराट श्री रुद्र महायज्ञ के प्रधान संयोजक और क्लब के संरक्षक सह युवा समाजसेवी राकेश पाल ने महायज्ञ के आयोजन में भागीदार सभी लोगों का आभार प्रकट किया और भविष्य में समाज हित में होने वाले हर एक कार्यों में सभी से सहभागिता की अपील की। कार्यक्रम में क्लब के उपाध्यक्ष डॉ सत्येंद्र पाल, कोषाध्यक्ष विवेकानंद पाल ने भी अपने-अपने विचार रखे। सम्मान समारोह- सह- वनभोज कार्यक्रम के सफल संचालन में क्लब के सचिव विनय कुमार पाल, उप कोषाध्यक्ष चैतू भुइयां, संगठन मंत्री चंदन कुमार पाल, पंकज पाल, बृजेश पाल, अरविंद, अमित आदि सदस्यों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। जबकि कार्यक्रम का संचालन श्री रुद्र महायज्ञ के कार्यक्रम प्रमुख ओमप्रकाश पाल ने किया।







