गढ़वा के 4 होटलों पर संयुक्त छापेमारी, देह व्यापार और अनैतिक गतिविधियों के मिले साक्ष्य

गढ़वा के 4 होटलों पर संयुक्त छापेमारी, देह व्यापार और अनैतिक गतिविधियों के मिले साक्ष्य

एसडीएम के आदेश से एहतियातन तीन होटल सील, चौथे की भी जांच

कई लोग लिए गए हिरासत में, पूछताछ एवं प्राथमिकी की कार्रवाई जारी

नगर परिषद को इन होटलों के नक्शा जांच कर कार्रवाई का निर्देश

एसडीएम संजय कुमार एवं एसडीपीओ नीरज कुमार के नेतृत्व में हुयी कार्रवाई


दिवंगत आशुतोष रंजन

 

प्रियरंजन सिन्हा

बिंदास न्यूज, गढ़वा

 

गढ़वा : सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नीरज कुमार के नेतृत्व में शहर के विभिन्न होटलों में संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल चार होटलों में छापेमारी की गई। जिनमें से तीन होटलों को प्रथम दृष्ट्या देह व्यापार एवं अन्य अनैतिक गतिविधियों की आशंका/पुष्टि के आधार पर उन्हें सील कर दिया गया।

सबसे पहले सोनपुरवा के एसएनसी होटल के बारे में पुलिस अधीक्षक अमन कुमार को गुप्त सूचना मिली थी। तदनुरूप इस होटल में छापेमारी की गई। जांच के दौरान संदिग्ध गतिविधियां और देह व्यापार के साक्ष्य पाए जाने पर अनुमंडल पदाधिकारी के निर्देश पर उसे मौके पर ही सील कर दिया गया।

इसके पश्चात एसडीएम और एसडीपीओ के निर्देश पर शहर के अन्य तीन होटलों में संयुक्त छापेमारी की गई। जांच के क्रम में दो होटलों आरडीएस होटल स्टेशन रोड तथा तिवारी इन रंका मोड़ में प्रथम दृष्ट्या देह व्यापार की पुष्टि होने पर दोनों होटलों को एसडीएम ने तत्काल प्रभाव से एहतियातन सील करा दिया। कार्रवाई के दौरान इन तीनों संबंधित होटलों के प्रबंधकों सहित कुछ अन्य लोगों की गिरफ्तारी की गई है। पुलिस को मामले में अग्रेतर पूछताछ कर नियमानुसार विधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं बस स्टैंड के पास स्थित रघुनंदन रेजिडेंसी में भी छापेमारी के दौरान कई विसंगतियां मिलीं हैं। जिसके संबंध में जांच का निर्देश दिया गया है।

इस संबंध में अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने कहा कि इस प्रकार की घृणित गतिविधियां समाज के लिए अनैतिक एवं अस्वीकार्य हैं। किसी भी स्थिति में ऐसे कृत्यों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अनैतिक गतिविधियों की सूचना तत्काल थाना, अंचल, अनुमंडल या जिला स्तर के अधिकारियों को दें।

होटलों का नक्शा जांच कर नगर पालिका एक्ट के तहत कार्रवाई का निर्देश: अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को निर्देश दिया है कि इन संबंधित सभी होटलों की नगर पालिका अधिनियम और बिल्डिंग बायलॉज के प्रावधानों के तहत विधिवत जांच की जाए। जांच में यह सुनिश्चित किया जाए कि भवन स्वीकृत नक्शे के अनुरूप निर्मित हैं या नहीं। यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित होटलों के विरुद्ध विनियमितीकरण, ध्वस्तीकरण अथवा अन्य नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

छापेमारी टीम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नीरज कुमार, अंचल अधिकारी सफी आलम, डीएसपी मुख्यालय यशोधरा, डीएसपी प्रशिक्षु चिरंजीव मंडल, पुलिस निरीक्षक गढ़वा सुनील तिवारी, पुलिस निरीक्षक मझिआंव बृज कुमार, नगर प्रबंधक सहित गढ़वा थाना एवं महिला थाना की पुलिस बल तथा नगर परिषद के कर्मी उपस्थित थे।

Tags

About Author

Ashutosh Ranjan

Follow Us On Social Media