पूर्व मुखिया गिरफ्तार
![]()
सदास्मृत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा
गढ़वा : पलामू जिला के हरिहरगंज थाना क्षेत्र के भगत तेंदुआ में तिलक समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग की घटना हुई है। हर्ष फायरिंग में पुरोहित एवं एक अन्य व्यक्ति को गोली लगी है। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने पूरे मामले में कार्रवाई करते हुए हरिहरगंज पूर्वी के पूर्व मुखिया सरोज मेहता को गिरफ्तार कर लिया है। उनके लाइसेंसी हथियार को भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस पूरे मामले की कर रही है जांच: हरिहरगंज के थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार ने बताया कि भगत तेंदुआ में राहुल रजक के घर तिलक समारोह चल रहा था। इसी दौरान हर्ष फायरिंग की घटना हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और हथियार को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस हथियार के लाइसेंस को कैंसिल करने के लिए अनुशंसा करेगी। वहीं, मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
तिलक समारोह में हुई फायरिंग: दरअसल, पलामू के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के खैरादोहर से लोग भगत तेंदुआ निवासी राहुल रजक के समारोह में शामिल होने आए थे। तिलक समारोह चल ही रहा था कि पूर्व मुखिया सरोज मेहता ने लाइसेंसी हथियार से हर्ष फायरिंग शुरू कर दी।
फायरिंग में तिलक समारोह में पूजा करवा रहे पुरोहित के पैर में गोली लग गई। जबकि हरिहरगंज के सिल्दा गांव के रहने वाले जागेश्वर बैठा की पीठ में गोली लगी है। दोनों के इलाज के लिए हरिहरगंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया गया। जहां दोनों का इलाज चल रहा है।







