“आपन सरस्वतिया” : जन सहयोग से सरस्वतिया नदी संरक्षण की सामूहिक पहल

“आपन सरस्वतिया” : जन सहयोग से सरस्वतिया नदी संरक्षण की सामूहिक पहल

सोमवार को पोकलेन एवं जेसीबी से नदी के गाद हटाने का काम शुरू

एसडीएम के आह्वान पर संस्थाओं ने बढ़ाए हाथ


सदास्मृत आशुतोष रंजन

 

प्रियरंजन गढ़वा 

बिंदास न्यूज, गढ़वा



गढ़वा : पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत सोमवार को गंगा दशहरा के अवसर पर सरस्वतिया नदी के पुनरुद्धार को लेकर सफाई एवं गाद हटाने का अभियान शुरू किया गया। सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार के आह्वान पर शुरू किए जा रहे “आपन सरस्वतिया” अभियान में विभिन्न सामाजिक एवं व्यावसायिक संस्थाओं ने स्वैच्छिक सहयोग दिया।

पहले दिन के अभियान में शिवालया कंस्ट्रक्शन लिमिटेड, नगर परिषद तथा गढ़वा केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के सहयोग से नदी क्षेत्र में सफाई कार्य प्रारंभ कराया गया। शिवालया कंस्ट्रक्शन लिमिटेड द्वारा सफाई कार्य के लिए अपना पोकलेन उपलब्ध कराया गया। जबकि नगर परिषद ने अपना जेसीबी एवं मानव बल उपलब्ध कराया। वहीं गढ़वा केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन द्वारा अभियान में लगे वाहनों के लिए एक दिन के ईंधन की व्यवस्था करायी गई।

अनुमंडल पदाधिकारी ने इन सभी संस्थाओं की इस सामूहिक पहल की सराहना करते हुए साधुवाद दिया। उन्होंने शहर की अन्य सामाजिक संस्थाओं एवं जागरूक नागरिकों से भी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि नदी पुनरुद्धार को लेकर जल संसाधन विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों से भी समन्वय स्थापित कर आवश्यक सहयोग मांगा जा रहा है। हालांकि प्रशासनिक प्रक्रियाओं में समय लगने तथा मानसून निकट होने के कारण समय की आकस्मिक महत्ता को देखते हुए जन सहयोग से तत्काल सफाई अभियान शुरू कराया गया है।

उन्होंने कहा कि सरस्वतिया नदी गढ़वा शहर की ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक धरोहर है और इसके संरक्षण के लिए प्रशासन तथा समाज दोनों की साझा भागीदारी आवश्यक है। सोमवार के अभियान में शिवालया कंस्ट्रक्शन के बृजेश कुमार यादव, नगर परिषद के नगर प्रबंधक ओमकार यादव, गढ़वा केमिस्ट एवं ड्रगेस्ट एसोसिएशन के आद्याशंकर पांडेय, संतोष दुबे, वीरेंद्र कुमार, मनीष कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता सोनू सिंह, अभिषेक भारद्वाज आदि की सराहनीय भूमिका रही।

Tags

About Author

Follow Us On Social Media