अभियान से स्वैच्छिक रूप से जुड़ रहे हैं स्थानीय बुद्धिजीवी
![]()
सदास्मृत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा
गढ़वा : सदर एसडीएम संजय कुमार की पहल पर जनसहयोग से संचालित “आपन सरस्वतिया” अभियान के तहत पांचवें दिन भी सरस्वतिया नदी की सफाई एवं डी-सिल्टिंग का कार्य जारी रहा। शुक्रवार को पांचवें दिन के इस नदी स्वच्छता अभियान के माध्यम से सरस्वती नदी किनारे अवस्थित शमीम टेलर्स के पास नदी क्षेत्र में जमा गाद, अस्थाई अवरोध एवं कचरे को हटाकर धारा को प्रवाहमान एवं व्यवस्थित बनाने का लगातार प्रयास किया गया।
आज शुक्रवार के इस अभियान में मां कंस्ट्रक्शन के प्रोपराइटर विकेश तिवारी द्वारा जेसीबी के रूप में स्वैच्छिक सहयोग प्रदान किया गया। वहीं नगर परिषद की ओर से नगर प्रबंधक रोहित समद एवं स्वच्छता पर्यवेक्षक भूपेंद्र कुमार ने भी अभियान में सक्रिय भूमिका निभाई।
एसडीएम संजय कुमार ने कहा कि धीरे-धीरे यह अभियान सामाजिक एवं प्रशासनिक सहभागिता का सशक्त उदाहरण बनता जा रहा है। शहर के विभिन्न वर्गों से मिल रहे सहयोग से यह स्पष्ट है कि लोग अब सरस्वतिया नदी के संरक्षण एवं पुनर्जीवन को लेकर गंभीरतापूर्वक सोच रहे हैं।
उन्होंने कहा कि “आपन सरस्वतिया” केवल सफाई अभियान नहीं बल्कि शहर की प्राकृतिक धरोहर को बचाने का सामूहिक प्रयास है। जनसहयोग एवं प्रशासनिक समन्वय से इस अभियान को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है तथा सरस्वतिया नदी की पूर्ण सफाई तक यह अभियान जारी रहेगा। एसडीएम ने अभियान में सहयोग करने वाले सभी सामाजिक सहयोगकर्ताओं, व्यवसायियों, नगर परिषद कर्मियों एवं स्थानीय नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अन्य लोगों से भी आगे आकर सहयोग करने की अपील की।






