सतबहिनी झरना तीर्थ में शीघ्र ही श्री बजरंगबली मंदिर का सुंदरीकरण व श्री राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा : विधायक

सतबहिनी झरना तीर्थ में शीघ्र ही श्री बजरंगबली मंदिर का सुंदरीकरण व श्री राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा : विधायक

पर्यटन स्थल की सुरक्षा व्यवस्था भी होगी सुदृढ़



दिवंगत आशुतोष रंजन

आकाश लोहार
गढ़वा


सतबहिनी झरना तीर्थ स्थित श्री बजरंगबली मंदिर एवं श्री राम दरबार मंदिर का शीघ्र ही निर्माण एवं चहुंमुखी विकास किया जाएगा। उक्त बातें समिति के अध्यक्ष सह स्थानीय विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने एक बैठक के दौरान कही। देश में प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सतबहिनी झरना तीर्थ सतबहिनी गढ़वा में शुक्रवार को समिति की एक आवश्यक बैठक की गई। मां सतबहिनी झरना तीर्थ एवं पर्यटन स्थल विकास समिति के अध्यक्ष सह विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने इस बैठक की अध्यक्षता की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि समिति के कार्यकाल में ही दो मंजिला मंदिर का निर्माण कराया गया था। भूतल पर श्री बजरंगबली की विशाल प्रतिमा की स्थापना की गई थी। इसके साथ ही सभी नौ मंदिरों में संबंधित देव शक्तियों के प्रतिमाओं की स्थापना एवं प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ के दौरान वैदिक विधि से कराई गई थी। इस मंदिर के प्रथम तल पर श्री राम दरबार के प्रतिमा की स्थापना की जानी है। वह प्रतिमा भी लाकर रखी हुई है। लेकिन ऐन मौके पर अक्टूबर 2017 में फर्जी ट्रस्ट बनाकर इस विकासशील स्थल पर अवैध कब्जा जमा लिया गया। इस मामले को लेकर क्षेत्र की आम जनता के आदेश पर इस मामले को झारखंड उच्च न्यायालय में चुनौती दी गई। उच्च न्यायालय ने 22 फरवरी 2024 को फर्जी ट्रस्ट को निरस्त करते हुए फिर से आम सभा करके कमेटी बहाल करने का झारखंड हिंदू धार्मिक न्यास बोर्ड को आदेश दिया। इस आदेश के आलोक में दो-दो बार आम सभा बुलाकर 17 वर्षों से इस स्थल को शून्य से शिखर तक पहुंचाने वाली मां सतबहिनी झरना तीर्थ एवं पर्यटन स्थल विकास समिति को फिर से इसका प्रभार सौंपा गया। इसके बाद से समिति संस्थान के विकास एवं सुंदरीकरण के लिए प्रयत्नशील है। विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने कहा कि श्री बजरंगबली मंदिर एवं प्रथम तल पर श्रीराम दरबार के मंदिर का सुदृढ़ निर्माण एवं सुंदरीकरण उनकी पहली प्राथमिकता है। जिसमें शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारंभ होगा। विधायक ने कहा कि इस पर्यटन स्थल की संपूर्ण सुरक्षा किस प्रकार से हो यह भी विचारणीय प्रश्न है। इसकी भी सुदृढ़ एवं फूल प्रूफ व्यवस्था शीघ्र बनाई जाएगी। इस मौके पर समिति के सचिव पंडित मुरलीधर मिश्र ने कहा कि प्रत्येक दिन के हिसाब से यहां जिनकी ड्यूटी लगाई गई है वह यदि मुस्तैदी से अपनी ड्यूटी निभाएं तो कुछ हद तक व्यवस्था में सुधार संभव हो सकता है। इस दौरान समिति के द्वारा स्थानीय विधायक को 11 सूत्री मांग पत्र समर्पित किया गया। इसके अनुसार महावीर मंदिर का पेंट पोचारा करके इसका सुंदरीकरण किया जाए। राम दरबार मंदिर का निर्माण पूर्ण कर इसमें प्रतिमा की विधिवत प्राण प्रतिष्ठा कराई जाए। सतबहिनी भगवती के मंदिर के पश्चिम जल कुंड का निर्माण कराया जाए। उसके साथ ही मेला मैदान में स्थायी दुकानों का निर्माण, भैरवनाथ मंदिर के पीछे गुफा पर्वत से सटे छठ घाट का निर्माण, प्रवचन मंच के सामने दो मंजिला पंडाल का स्थायी निर्माण, नवीन यज्ञशाला के उत्तर तरफ पार्क एवं लाइटिंग के साथ फव्वारा का निर्माण, शिव मंदिर से सटे दक्षिण की तरफ पर पैदल पार पथ का निर्माण, सामुदायिक भवन के बगल में झरना घाटी में झूला पुल का निर्माण, प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सतबहिनी झरना तीर्थ में तीन हाई मास्ट लाइट का अधिष्ठापन व यहां पर गुरुकुल या सरस्वती शिशु मंदिर की स्थापना कराई जाए। विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने इन मांगों पर सकारात्मक विचार प्रकट करते हुए इन्हें कार्यान्वित कराए जाने की बात कही। इस मौके पर सतबहिनी के संत महात्मा हरिदास जी, कोषाध्यक्ष विभूति नारायण दुबे, नवल किशोर तिवारी, सुदर्शन तिवारी, उपेंद्र नाथ तिवारी, अवधेश प्रसाद गुप्ता, डॉक्टर प्रमोद कुमार सिंह, बटेश्वर सिंह, अखिलेश प्रसाद, रघुनंदन राम, जय किशुन राम सहित कई लोग उपस्थित थे।

Tags

About Author

Ashutosh Ranjan

Follow Us On Social Media