ईंट लोड ट्रैक्टर ने मोटरसाइकिल सवार को अपनी चपेट में लेकर ले ली जान
दिवंगत आशुतोष रंजन
वीडियो एडीटर आकाश लोहार
गढ़वा
होली की खुमारी में लोड ट्रैक्टर चला रहे व्यक्ति ने मां की जान ले ली व मृतका के दो बेटों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस घटना से इलाके में मातम पसरा है। बरडीहा थाना क्षेत्र अंतर्गत मझिआंव कांडी मुख्य सड़क पर कांडी – बरडीहा बॉर्डर पर सलगा लंगोटिया बाबा के समीप तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने मोटरसाइकिल सवार को अपनी चपेट में ले लिया।जिसमें मां की मौत हो गई और दो बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं दुर्घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों एवं पुलिस की मदद से 108 एंबुलेंस के माध्यम से गढ़वा सदर अस्पताल भेजा गया। जहां डॉक्टरों ने हरिहरपुर ओपी क्षेत्र के श्रीनगर गांव निवासी प्रदीप राम की 30 वर्षीया पत्नी रीमा देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल उनके दो पुत्र राजू कुमार और रौशन कुमार को सदर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। वहीं घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि मां और दोनों पुत्र एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर बरडीहा से श्रीनगर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान लमारी की ओर से तेज रफ्तार आ रही स्वस्तिक छाप ईंट लोड महिंद्रा ट्रैक्टर मोटर साइकिल सवार को अपनी चपेट में ले लिया। जिससे महिला की मौत हो गई और दो युवक घायल हो गए। जो मृतका के पुत्र हैं। मिली जानकारी के अनुसार लमारी शंखवा मोड़ के समीप पंकज सिंह एवं अन्य साथियों के ईंट भट्ठा से ईंट लोड कर बरडीहा जा रहा था। वहीं दुर्घटना की जानकारी मिलते ही बरडीहा एवं कांडी पुलिस स्थल पर पहुंची और बॉर्डर का मसला सुलझाते हुए बरडीहा पुलिस एक लोड महिंद्रा ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल दोनों को अपने कब्जे में लेते हुए थाना लेकर जा रही थी। इस दौरान दुर्घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने मझिआंव-कांडी मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। दुर्घटना की खबर आग की तरह फैल गई। जानकारी के अनुसार 2 घंटे तक सड़क जाम रही। वहीं ईंट भट्ठा मालिक और मृतक के परिजनों द्वारा समझौता वार्ता की जा रही थी। उसके बाद जाम को हटाया गया। वहीं इस संबंध में पूछे जाने पर बरडीहा थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह ने बताया कि दोनों वाहनों को जप्त कर थाना लाया जा रहा है और मृतका के परिजनों द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।


