लोग बड़े आंदोलन की दे रहे चेतावनी
दिवंगत आशुतोष रंजन
वीडियो एडीटर आकाश लोहार
गढ़वा
चुनावी पावर प्लांट केवल प्रत्याशी तक ही सीमित रह गया। बंशीधर महोत्सव के मंच पर से विधायक द्वारा की गई पावर प्लांट सीएम की जुबान पर भी नहीं चढ़ सका। यह किसने और कब कहा आइए आपको बताते हैं। भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी वरुण बिहारी यादव एवं आजाद समाज पार्टी के जिला उपाध्यक्ष अख्तर अंसारी नें संयुक्त रूप से प्रेस वार्ता कर कहा कि वर्तमान विधायक अनंत प्रताप देव ने चुनाव के दौरान क्षेत्र में पावर प्लांट स्थापित कर युवाओं को रोजगार देने और पलायन रोकने का वादा किया था। लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। नेताओं ने यह भी कहा कि विधायक अनंत प्रताप देव के पिता के कार्यकाल में एशिया का दूसरा सबसे बड़ा क्रशर प्लांट भवनाथपुर में स्थापित किया गया था। अब पांच दशकों के बाद क्रशर प्लांट का कटिंग किया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर विधायक समर्थकों द्वारा बंद पड़े तुलसीदामर खदान के मजदूरों के समर्थन में आंदोलन किया जा रहा है। जिसे लोग केवल दिखावा बता रहे हैं।
श्री बंशीधर महोत्सव के दौरान विधायक अनंत प्रताप देव ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से क्षेत्र में पावर प्लांट लगाने की मांग की। लेकिन मुख्यमंत्री ने इस पर कोई आश्वासन नहीं दिया। इसको लेकर भी स्थानीय लोगों में नाराजगी है कि सरकार उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दे रही। वहीं सरकार द्वारा महिलाओं को 2500 रुपए की सम्मान राशि दिए जाने का स्वागत किया गया। लेकिन इस योजना के क्रियान्वयन में अनियमितताओं की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। ग्रामीण इलाकों की कई महिलाएं ब्लॉक और बैंक के चक्कर काट काटकर परेशान हो चुकी हैं। लेकिन सरकारी कर्मचारी उनकी कोई मदद नहीं कर रहे। कई जगहों पर अधिकारियों द्वारा अभद्र व्यवहार की भी शिकायतें हैं। नेताओं ने चेतावनी दी है कि अगर दो दिनों के भीतर इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो जनता बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होगी। जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और विधायक की होगी। इस मौके पर रिंकी देवी, रीना देवी, रूबी देवी, सबीना खातून, सुचित्रा देवी, कंचन देवी, तेतरी देवी, रेशमी देवी, उषा देवी, सफीना खातून सहित अन्य महिलाएं उपस्थित थीं।