दूर दूर से आए सैकड़ों निराहार छठव्रतियों ने किया छठ का सामुहिक महाअनुष्ठान
विधायक व डीसी ने की यहां के विकास पर चर्चा
दिवंगत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
देश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सतबहिनी झरना तीर्थ में लोक आस्था के महापर्व चैती छठ के दौरान सैकड़ो की संख्या में निराहार व्रतियों ने छठ महाव्रत का सामूहिक महाअनुष्ठान किया। इस दौरान गुरुवार की संध्या अस्ताचलगामी सूर्य को सभी व्रतियों के साथ सतबहिनी विकास समिति के अध्यक्ष सह विधायक नरेश प्रसाद सिंह व जिला के प्रशासनिक प्रमुख उपायुक्त शेखर जमुआर ने भी भगवान भास्कर को अर्घ्य प्रदान किया। इस दौरान उन्होंने भगवान सूर्य से संपूर्ण क्षेत्र व जिलावासियों के लिए अमन चैन एवं सुख समृद्धि की कामना की। इसके साथ ही सैकड़ो कठिन व्रत धारी छठ व्रतियों ने भगवान सूर्य को अर्घ्य प्रदान किया। मालूम हो कि कतिकी छठ में यहां लाखों श्रद्धालुओं के द्वारा महाव्रत छठ किया जाता है। आज विभिन्न फलों नारियल, केला, सेव, नारंगी, अमरूद, नीबू एवं अगरौटा, अक्षत, फूल, धूप, दीप से सजे हुए पांच एवं सात की संख्या में सूप लेकर प्रदक्षिणा करते हुए पुरोहित के द्वारा ‘एही सूर्य सहस्रांशो तेजोराशे जगत्पते अनुकंप्यम मां भक्त्या ग्रृहाणार्घ्य दिवाकर’ मंत्र के उच्चारण के साथ सबों ने तमाम जीवों के उद्गम साक्षात देव शक्ति भगवान भास्कर को अर्घ्य प्रदान किया। इस मौके पर विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सह मां सतबहिनी झरना तीर्थ एवं पर्यटन स्थल विकास समिति के अध्यक्ष नरेश प्रसाद सिंह ने जिला के उपायुक्त को छठ घाट के साथ-साथ मेला मैदान, नौ विभिन्न मंदिरों आदि को दिखाकर इस स्थल के विकास को लेकर चर्चा की। उपायुक्त ने इस दिशा में सकारात्मक पहल किए जाने की बात कही। कहा कि यह बहुत ही रमणीक स्थल है। इसका निश्चित रूप से विकास किया जाएगा। मालूम हो कि विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने झारखंड विधानसभा सत्र में तारांकित प्रश्न के माध्यम से सतबहिनी झरना तीर्थ एवं पर्यटन स्थल को अपग्रेड करने के साथ-साथ इसके सर्वांगीण विकास का मामला उठाया था। इस मौके पर सरकोनी पंचायत के मुखिया सुबोध कुमार वर्मा, नवल किशोर तिवारी, समिति के कोषाध्यक्ष विभूति नारायण दुबे, विधायक प्रतिनिधि आतिश कुमार सिंह, विकास उपाध्याय, रघुनंदन राम, जय किशुन राम सहित सैकड़ो लोग उपस्थित थे। इसके साथ ही प्रखंड मुख्यालय स्थित टेंपल इन वॉटर सूर्य मंदिर के छठ घाट पर सैकड़ो की संख्या में निराहार छठ व्रतियों ने अस्ताचल गामी सूर्य को श्रद्धा भक्ति के साथ अर्घ्य प्रदान किया। छठ पूजा एवं सूर्य मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष कृष्णा बारी, रविरंजन शर्मा, अनूप कुमार, जयप्रकाश सोनी, शशि कुमार सहित सभी सदस्यों को व्यवस्था में काफी व्यस्त देखा गया। यहां पर व्रतियों के लिए काफी सुंदर व्यवस्था की गई है।



