जय श्रीराम के जयघोष से गुंजा आकाश
उनकी लाठी व तलवारबाजी देख लोगों ने दांतों तले दबाई उंगली
दिवंगत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
घर की दहलीज लांघकर साइकिल चलाने से फाइटर जेट तक उड़ाने वाली, मुखिया के रूप में गांव की सरकार चलाने से लेकर एसपी डीसी बनकर जिला एवं सीएम पीएम बनकर राज्य और देश चलाने वाली महिलाएं अब गांव की महिलाओं को भी प्रभावित कर रही हैं। तभी तो रामनवमी के पवित्र त्यौहार के अवसर पर जिला मुख्यालय नहीं बल्कि एक प्रखंड मुख्यालय भवनाथपुर की महिलाएं लाठी से लेकर तलवार चलाने का कुशल प्रदर्शन करती देखी गईं। कई लोगों ने पहली बार उनका यह जौहर देखकर दांतों तले उंगली दबा लिया। कहा कि अब वह जमाना नहीं रहा जब इन्हें चौखट के भीतर बंद करके रखा जाता था। यह कहां और कैसे हुआ आइए आपको इस खबर के जरिए बताते हैं।
गढ़वा जिला के एक प्रखंड भवनाथपुर में रामनवमी पूजा के अवसर पर महिलाओं ने एक भव्य जुलूस निकाला। यह जुलूस धार्मिक उल्लास और जोश से भरा हुआ था। जुलूस में दुर्गा वाहिनी, टाउनशिप बजरंगबली और सिंदुरिया पुनर्वास की सैकड़ों महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस खास मौके पर महिलाओं ने लाठी और तलवारबाजी का शानदार प्रदर्शन किया। जिसे देखकर दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। जुलूस में शामिल महिलाओं ने श्रद्धा और जोश के साथ जय श्रीराम के जयकारे लगाए और भगवान राम की भव्य पूजा अर्चना की। इस दौरान लाठी व तलवारबाजी का प्रदर्शन विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा। जिसमें महिलाओं ने अपनी शारीरिक क्षमता, बुद्धि कौशल और साहस का अद्भुत प्रदर्शन किया।
राम नवमी पूजा के इस आयोजन ने यह साबित कर दिया कि महिलाएं किसी भी क्षेत्र में किसी से कम नहीं हैं। यह आयोजन प्रखंड में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। जो महिलाओं की भागीदारी और शक्ति को दर्शाता है।
