![]()
दिवंगत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज़, गढ़वा
गढ़वा : वंदे मातरम् गीत के 150 वर्ष पूर्ण होने एवं बिरसा मुंडा जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस विभिन्न स्तरों पर मनाने को लेकर प्रेस कांफ्रेंस का आयोजन किया गया। इसे संबोधित करते हुए भाजपा जिला महामंत्री संतोष दुबे ने कहा कि आगामी 7 नवंबर से लेकर 15 नवम्बर तक विभिन्न तरह का कार्यक्रम जिला मंडल एवं विधानसभा स्तर पर आयोजित किया जाएगा। वंदे मातरम् गीत का 150 वर्ष पूरा होने पर स्कूल काॅलेज व अन्य शैक्षणिक संस्थानों में अनेकों तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सभी जिला मुख्यालयों पर 150 की संख्या में लोगों को एकत्र कर 7 नवंबर से 15 नवंबर के बीच सम्पूर्ण वंदे मातरम् गीत का गायन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजीव रंजन तिवारी ने कहा कि वंदे मातरम् कार्यक्रम को लेकर समाजिक सांस्कृतिक संगठनों को प्रोत्साहित करने का काम किया जाएगा। भाजपा कार्यकर्ता 7 नवंबर से 26 नवंबर (संविधान दिवस) तक जिले में संचालित सभी महाविद्यालय (सरकारी एवं निजी) सहित जिला परिषद सदस्य एवं नगर परिषद नगर निगम क्षेत्रों में सामुहिक रूप से वंदे मातरम् कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान स्वदेशी संकल्प कार्यक्रम आयोजित करेंगे। साथ ही क्षेत्र के युवा वंदे मातरम गीत को 30 सेकेंड में पूरा कर सोशल मीडिया पर चलाएंगे। भाजपा जिला उपाध्यक्ष संजय ठाकुर ने कहा कि 9 नवंबर से 15 नवंबर के बीच बीरसा मुंडा जयंती के अवसर पर भाजपा कार्यकर्ता जनजातीय गौरव दिवस पर विभिन्न तरह के कार्यक्रम का आयोजन करेंगे।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी रितेश चौबे ने कहा कि जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी उनके आश्रितों एवं विशिष्ट जनजातीय व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही जनजातीय क्षेत्रों में जनजातीय सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। नगर परिषद गढ़वा विधायक प्रतिनिधि धनंजय गौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महान स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा को सम्मान देते हुए उनके जयंती को हर वर्ष जनजातीय गौरव दिवस के रुप में मनाने का निर्णय लिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर पूरे देश में 15 नवंबर को सरकारी एवं गैर सरकारी स्तर पर जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाता है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अन्य कई कार्यकर्ता मौजूद थे।








