सांसद की अध्यक्षता में आयोजित गढ़वा जिला  दिशा की बैठक हुई संपन्न

सांसद की अध्यक्षता में आयोजित गढ़वा जिला  दिशा की बैठक हुई संपन्न

सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई एवं पेयजल सहित केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं पर हुई विस्तृत चर्चा


दिवंगत आशुतोष रंजन

 

प्रियरंजन सिन्हा

बिंदास न्यूज, गढ़वा

 

गढ़वा : गढ़वा जिला के समाहरणालय सभागार में पलामू सांसद विष्णु दयाल राम की अध्यक्षता में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों एवं राज्य एवं केन्द्र प्रायोजित विभिन्न योजनाओं की बिंदुवार विस्तृत समीक्षा की गई।उक्त बैठक में मेराल में ओवर ब्रिज निर्माण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र की ध्वस्त हुई बाउंड्री वॉल के मुद्दा को उठाया गया। जिसपर  एन.एच.ए.आई. के पदाधिकारी को बॉउंड्री निर्माण संबंधी आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। वहीं रमना प्रखंड प्रमुख ने रमना के विभिन्न जगहों पर हुए अतिक्रमण के मामले को उठाया। जिस पर अनुमंडल पदाधिकारी को दुकानदारों के साथ सामूहिक बैठक कर उन्हें अपेक्षित सहयोग करने का अनुरोध करने की बात कही गई और यदि वे फिर भी अपेक्षित सहयोग नहीं करते तो अतिक्रमण मुक्ति संबंधी अग्रेत्तर कार्रवाई की बात कही गई।सोन-कनहर पाइप लाइन परियोजना के बारे में सम्बंधित पदाधिकारियों ने बताया कि उक्त परियोजना का लगभग 75% कार्य पूर्ण हो चुका है और शेष बचे हुए कार्य वन प्रक्षेत्र में पड़ने के कारण अधूरा रह गया था। लेकिन वन विभाग से अब अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त हो गया है। जल्द ही शेष बचे हुए कार्यों को भी पूर्ण करा लिया जायेगा। प्रतिनिधियों द्वारा गढ़वा जिला अन्तर्गत पेय जल से सम्बंधित विभिन्न मुद्दों को उठाया गया। जिसपर पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के पदाधिकारी ने बताया कि इस वर्ष गर्मी के मौसम से पहले विभिन्न जगहों पर खराब हुए सभी जलमीनार, नलकूप एवं चापानलों का मरम्मत करवा दिया जायेगा। वहीं सांसद ने सदर अस्पताल गढ़वा में आवश्यकता अनुरूप कम एम्बुलेंस एवं डेड बॉडी को ले जाने हेतु मात्र एक मोक्ष वाहन उपलब्ध होने पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए वाहनों की संख्या को बढ़ाने का निदेश सिविल सर्जन को दिया। वहीं विभिन्न प्रखंडो के प्रमुखों ने विद्युत विभाग द्वारा खड़ी की जा रही पोल के झुकने की समस्या की ओर भी  सांसद का ध्यानाकृष्ट कराया। जिस पर सांसद श्री राम ने विद्युत कार्यपालक अभियंता को गुणवत्ता पूर्ण कार्य कराने की बात कही। इसी प्रकार बैठक में क्रमशः सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई एवं पेयजल सहित केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की भी विस्तृत समीक्षा की गई। इस बैठक में गढ़वा विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी, भवनाथपुर विधायक अनंत प्रताप देव, विश्रामपुर विधायक नरेश प्रसाद सिंह, उपायुक्त  दिनेश कुमार यादव, पुलिस अधीक्षक अमन कुमार, उप विकास आयुक्त पी०एन० मिश्रा, डीएफओ सहित जिले के पदाधिकारीगण, प्रमुखगण एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।

Tags

About Author

Ashutosh Ranjan

Follow Us On Social Media