18 जनवरी 2025 को हटे थे, 19 जनवरी 2026 को फिर से हुए काबिज
मैजिस्ट्रेट के साथ भारी पुलिस बल की मौजूदगी में 12 – 8 के अंतर से हासिल की जीत
समर्थकों ने फूलमाला, आतिशबाजी व डीजे के साथ नारा लगाते हुए निकाला विजय जुलूस
![]()
दिवंगत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा
गढ़वा : ठीक एक साल बाद पिंकू पांडेय ने कांडी प्रखंड प्रमुख की कुर्सी पर फिर से कब्जा जमा लिया। अविश्वास प्रस्ताव पारित होने पर 18 जनवरी 2025 को उन्हें अपना पद छोड़ना पड़ा था। ठीक एक साल बाद 19 जनवरी 2026 को उन्होंने फिर से प्रमुख की कुर्सी हासिल कर ली। विजेता घोषित होने व शपथ ग्रहण के बाद बड़ी संख्या में मौजूद समर्थकों ने उन्हें व युवा समाजसेवी विकास दुबे का फूल मालाओं से लादकर जयघोष के साथ आतिशबाजी करते हुए जमकर स्वागत किया। इसके बाद रंगारंग जुलूस निकाला गया। गढ़वा सदर एसडीएम सह निर्वाची पदाधिकारी संजय कुमार द्वारा सोमवार को कांडी प्रखंड सभागार में सहायक निर्वाची पदाधिकारी राकेश सहाय की देख रेख में कांडी प्रखंड प्रमुख का चुनाव निर्धारित समयानुसार शांतिपूर्ण तरीके संपन्न कराया गया।
निर्वाची पदाधिकारी संजय कुमार ने प्रेस वार्ता कर बताया कि प्रखंड प्रमुख पद के लिए दो उम्मीदवार खड़े थे। इनमें गाड़ा खुर्द पंसस किरण देवी तथा बलियारी पंचायत दक्षिणी के सतेंद्र कुमार पांडेय उर्फ पिंकू पाण्डेय शामिल थे। मालूम हो की प्रखंड अंतर्गत 21 पंचायत समिति सदस्यों में से एक का आकस्मिक निधन होने के कारण 20 पंचायत समिति सदस्यों ने अपने-अपने प्रत्याशी के पक्ष में मतदान किया। जिसमें किरण देवी को 8 तथा सतेंद्र पाण्डेय को 12 मत प्राप्त हुए। जिसके बाद सदर एसडीएम सह निर्वाची पदाधिकारी संजय कुमार के द्वारा सत्येंद्र पाण्डेय को प्रमुख पद पर निर्वाचित घोषित करते हुए प्रमाणपत्र देकर निर्धारित समय दोपहर 2.35 बजे पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। साथ ही एसडीएम संजय कुमार ने बताया कि 20 पंचायत समिति सदस्यों में से किसी का वोट निरस्त नहीं हुआ। चुनाव नियमानुसार व शांति पूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। किसी के द्वारा किसी प्रकार की कोई आपत्ति दर्ज नहीं कराई गई। वहीं विधि व्यवस्था संधारण व मुख्य रूप से चुनाव में बाधा उत्पन्न न हो जिसको लेकर गढ़वा उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिनेश कुमार यादव के द्वारा मुख्य रूप से रंका एसडीएम सह दंडाधिकारी रुद्र प्रताप, रंका एसडीपीओ रोहित रंजन सिंह, मझिआंव पुलिस निरीक्षक बृज कुमार, बरडीहा के प्रभारी बीडीओ राजेश कुमार, कांडी थाना प्रभारी मोहम्मद अशफाक आलम, मझिआंव थाना प्रभारी ओम प्रकाश टोप्पो, हरिहरपुर ओपी प्रभारी नसीम अंसारी सहित अन्य पदाधिकारी एवं भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया था। वहीं प्रखंड प्रमुख के शपथ ग्रहण के बाद सत्येंद्र पांडेय उर्फ पिंकू पांडेय ने खुशियां जाहिर करते मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि यह जीत उनकी नहीं प्रखंड वासियों की है। क्योंकि एक वर्ष में ही प्रखंड में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर बढ़ गया था। उस भ्रष्टाचार को मैं अपने तरीके से समाप्त करूंगा। उन्होंने स्थानीय विधायक पर हमला बोलते हुए कहा कि वह अपने तरीके से प्रखंड चलाना चाहते हैं। जो नहीं चलेगा। प्रखंड क्षेत्र में भ्रष्टाचार को कभी हम बढ़ावा नहीं देंगे। प्रखंड कार्यालय से बाहर निकलते ही समर्थकों ने जमकर नारेबाजी और आतिशबाजी किया। वहीं विधानसभा क्षेत्र के युवा समाजसेवी रजनीश रंजन दुबे उर्फ विकास दुबे से आशीर्वाद प्राप्त किया। समर्थकों ने फूल मालाओं से जमकर स्वागत किया। इसके बाद डीजे के साथ जुलूस निकाला गया। उन्होंने प्रखंड वासियों का आभार व्यक्त किया।
इस मौके प्रखंड मुखिया संघ अध्यक्ष सह पतिला मुखिया अमित कुमार दुबे, विवेका पांडेय, शशांक शेखर, गौरी शंकर दुबे, अनूप कुमार पासवान, मुन्ना ठाकुर, बरडीहा उप प्रमुख सत्येंद्र पासवान, विकास दुबे, सुधीर दुबे, जवाहर राम, मुन्ना खान, अंजनी सिंह, राजेंद्र पाल, पशुपति दुबे, अशोक पांडेय, उदय दुबे, नवल किशोर यादव, लाला सिंह, गुड्डू उपाध्याय सहित सैकड़ों लोग मौजूद थे।








