नकलमुक्त एवं निष्पक्ष परीक्षा सुनिश्चित करने हेतु अधिकारियों व केन्द्र अधीक्षकों को सख्त दिशा-निर्देश
![]()
दिवंगत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा
गढ़वा : उप विकास आयुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा की अध्यक्षता में मंगलवार, 28 जनवरी 2026 को झारखंड अधिविद्य परिषद, रांची द्वारा आयोजित वार्षिक माध्यमिक (मैट्रिक) एवं इंटरमीडिएट परीक्षा–2026 के सफल, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं परीक्षा केन्द्र अधीक्षकों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त ने स्पष्ट रूप से कहा कि मैट्रिक व इंटर की परीक्षा कदाचार मुक्त वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी केन्द्र अधीक्षकों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा केन्द्रों पर आवश्यक सभी व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं। ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा जानकारी दी गई कि वर्ष 2026 की मैट्रिक परीक्षा में कुल 22,140 परीक्षार्थी शामिल होंगे। जिनके लिए 45 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। वहीं इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए कुल 24 परीक्षा केन्द्र निर्धारित किए गए हैं। जिसमें कला संकाय के 20,118, विज्ञान संकाय के 4,293 तथा वाणिज्य संकाय के 229 परीक्षार्थी शामिल हैं। इस प्रकार इंटर परीक्षा में कुल 24,640 परीक्षार्थी भाग लेंगे।
बैठक के दौरान डीडीसी ने परीक्षा केन्द्रों में सीसीटीवी कैमरा, पेयजल, बेंच डेस्क, शौचालय एवं साफ-सफाई की व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी परीक्षा केन्द्र पर परीक्षार्थी का कोई पारिवारिक सदस्य या रिश्तेदार परीक्षा ड्यूटी पर तैनात नहीं रहेगा। साथ ही परीक्षा केन्द्रों में मोबाइल फोन एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। किसी भी कर्मचारी या स्टाफ के पास मोबाइल फोन नहीं होना चाहिए।
उप विकास आयुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि परीक्षा ड्यूटी में तैनात सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने पहचान पत्र गले में पहनकर ड्यूटी करें। परीक्षा केन्द्रों के 500 गज के दायरे में धारा 144 लागू रहेगी तथा सभी केन्द्रों पर दंडाधिकारी की नियुक्ति कर दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकल रहित संपन्न कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बरतने पर संबंधित अधिकारी या कर्मी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में डीडीसी ने बताया कि प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। परीक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारी, कर्मचारी एवं पुलिस कर्मी सतत निगरानी करेंगे तथा परीक्षार्थियों को परीक्षा समाप्ति के बाद ही केन्द्र से बाहर निकलने की अनुमति दी जाएगी।
बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी कैसर रजा, जिला शिक्षा अधीक्षक अनुराग मिंज सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।








