पलामू गैस सिलेंडर ब्लास्ट

पलामू गैस सिलेंडर ब्लास्ट

टीओपी-3 के प्रभारी और टाइगर टीम निलंबित

घटनास्थल से गायब हुआ सिलेंडर



दिवंगत आशुतोष रंजन

प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा


डालटनगंज : पलामू जिले में एलपीजी सिलेंडर ब्लास्ट के मामले में प्रशासनिक कार्रवाई शुरू हो गई है। एलपीजी डीलर के लाइसेंस को निलंबित करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। वहीं लापरवाही बरतने के आरोप में टीओपी-3 के प्रभारी समेत टाइगर मोबाइल के जवानों को निलंबित कर दिया गया है। दरअसल पलामू के मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र के बैरिया चौक के पास रविवार को एलपीजी सिलेंडर ब्लास्ट हुआ था। इस ब्लास्ट के चपेट में चार लोग आ गए थे।

पलामू में जिस जगह पर ब्लास्ट हुआ था, वहां पर एक गैस एजेंसी का डंप सिलेंडर रखा हुआ था। पूरे मामले में प्रशासन और पुलिस की टीम अलग-अलग जांच कर रही है। अपर समाहर्ता कुंदन कुमार ने रविवार को घटनास्थल का जायजा लिया था। संबंधित डीलर का लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और उनके खिलाफ अन्य कानूनी कार्रवाई के बिंदुओं पर योजना तैयार की जा रही है।

डीसी ने की कार्रवाई की पुष्टि: पलामू डीसी समीरा एस ने मामले में प्रशासनिक कार्रवाई की पुष्टि की है. इधर ब्लास्ट के मामले में टीओपी-3 के प्रभारी अजय कुमार गुप्ता और उनकी टीम में तैनात टाइगर मोबाइल के जवानों को निलंबित कर दिया गया है। जिस इलाके में यह घटना हुई थी वह इलाका मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र के टीओपी-3 का इलाका है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई थी कि घटनास्थल पर खाली और भरा हुआ चार दर्जन के करीब एलपीजी सिलेंडर मौजूद थे। लेकिन सोमवार को घटनास्थल से मात्र 18 एलपीजी सिलेंडर होने की पुष्टि हुई।

घटनास्थल से सिलेंडर हुए गायब: एसपी रीष्मा रमेशन ने बताया कि लापरवाही बरतने के मामले में टीओपी-3 के प्रभारी समेत पूरी टीम को निलंबित कर दिया गया है। घटनास्थल से कुछ सिलेंडर गायब मिले हैं। पुलिस पूरे मामले में छानबीन कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई भी कर रही है। दरअसल जिस इलाके में यह ब्लास्ट हुआ है, वह घनी आबादी वाला क्षेत्र है। इधर पलामू के हरिहरगंज के पथरा ओपी में तैनात मंटू कुमार को टीओपी-3 का नया प्रभारी बनाया गया है। पाटन थाना में तैनात एएसआई धर्मेंद्र कुमार सिंह को पथरा ओपी का नया प्रभारी बनाया गया है।

Tags

About Author

Ashutosh Ranjan

Follow Us On Social Media