हादसे का बढ़ा खतरा
![]()
दिवंगत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा
गढ़वा : जिलांतर्गत कांडी प्रखंड क्षेत्र के हरिहरपुर कांडी–मेन रोड पर पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क पर छोड़े गए गड्ढों ने राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। सड़क के बीचोंबीच बने गहरे गड्ढे के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है, लेकिन संबंधित विभाग और निर्माण एजेंसी अब तक मौन बनी हुई है। इससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। जानकारी के अनुसार श्रीनगर सोन नदी से जिले के विभिन्न जलाशयों तक जलापूर्ति के लिए पाइपलाइन बिछाने का कार्य एलएंडटी कंपनी द्वारा कराया जा रहा है। इस कार्य के दौरान हरिहरपुर मेन रोड पर नियमों की अनदेखी करते हुए बिना सक्षम विभागीय अनुमति के जेसीबी मशीन से लगभग 15 फीट लंबाई में पक्की सड़क काट दी गई। पाइपलाइन डालने के बाद सड़क की समुचित मरम्मति कराने के बजाय केवल मिट्टी भरकर छोड़ दिया गया। लगातार भारी वाहनों और ट्रकों के आवागमन से डाली गई मिट्टी धीरे-धीरे दबती चली गई। अब वहां करीब एक फीट गहरा गड्ढा बन चुका है, जिससे दोपहिया, चारपहिया और पैदल यात्रियों को काफी कठिनाई हो रही है। रात के समय यह गड्ढा और अधिक खतरनाक साबित हो रहा है, क्योंकि अंधेरे में वाहन चालकों को इसका अंदाजा नहीं लग पाता। इससे दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले कांडी–केतार कोल रोड स्थित हरिहरपुर बस स्टैंड के समीप भी इसी तरह सड़क काटकर छोड़ दिया गया था, जिससे लंबे समय तक लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। अब मुख्य मार्ग पर दोबारा ऐसी लापरवाही सामने आने से ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की पक्की मरम्मति नहीं कराई गई और बारिश शुरू हो गई तो स्थिति और गंभीर हो जाएगी। मिट्टी कीचड़ में बदल जाएगी, जिससे सड़क दलदल जैसी हो सकती है। ऐसे में आवागमन बाधित होने के साथ-साथ दुर्घटनाओं की संभावना कई गुना बढ़ जाएगी। लोगों ने प्रशासन, पथ निर्माण विभाग और संबंधित कंपनी से अविलंब सड़क की मरम्मति कराने, गड्ढों को पक्का भरने तथा भविष्य में बिना अनुमति सड़क काटने वालों पर कार्रवाई करने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो जनआंदोलन भी किया जा सकता है।








