![]()
सदास्मृत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा
गढ़वा : मोदी सरकार के कार्यकाल के बारह साल पूर्ण होने के मौके पर पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने कार्यक्रम “बारह साल विश्वास के, विकास के, जन कल्याण के” के तहत गढ़वा विधानसभा अंतर्गत विभिन्न जगहों पर विशेष जन संपर्क अभियान चलाया और विधानसभा के प्रमुख लोगों से मिलकर केंद्र सरकार की उपलब्धियों के बारे में चर्चा की।
इसी क्रम में सांसद श्री राम ने लोगों को पौधा देकर उन्हें सम्मानित करते हुए एक वृक्ष मां के नाम लगाने का अनुरोध किया। मिलने वाले प्रमुख लोगों में गढ़वा के राजमणि प्रसाद कमलापुरी, नंदू जायसवाल, टंडवा के कृष्णा केशरी, कमलेश गुप्ता, गढ़वा नगर परिषद अध्यक्ष आशीष सोनी, गढ़वा सदर प्रमुख अनीता देवी, कुलदीप पासवान का नाम शामिल है। सांसद श्री राम ने खोनहर मंदिर एवं अन्नराज घाटी में वृक्षारोपण अभियान के तहत वृक्षारोपण भी किया। फिर उन्होंने कार्यक्रम “स्वच्छता अभियान” के तहत अन्नराज घाटी में साफ – सफाई करते हुए लोगों को स्वच्छता का भी संदेश दिया। तत्पश्चात “प्रगति पथ यात्रा”कार्यक्रम के तहत उन्होंने विकास स्थलों एवं उच्च प्राथमिकता वाली परियोजनाओं जैसे पीएम श्री नवोदय विद्यालय गढ़वा, केंद्रीय विद्यालय गढ़वा बाईपास फोरलेन एवं अन्नराज घाटी का अवलोकन किया और वस्तुस्थिति की अद्यतन जानकारी ली। जनसम्पर्क कार्यक्रम के बारे में सांसद श्री राम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्र प्रथम के संकल्प के साथ निरंतर प्रधानमंत्री के रूप में सेवा दे रहे हैं। नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व एवं एनडीए सरकार के ऐतिहासिक उपलब्धियों से परिपूर्ण 12 वर्ष 7 जून 2026 को पूर्ण हो गया है।हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सरकार ने गरीब, शोषित एवं वंचित वर्गों के कल्याण हेतु उल्लेखनीय कार्य किए हैं ।विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किसानों को लाभान्वित करना, नारी शक्ति का सशक्तिकरण तथा देश का समग्र विकास हमारी प्रमुख उपलब्धियां रही हैं। वैश्विक चुनौतियों को अवसरों में परिवर्तित करते हुए सरकार “विकसित भारत” के संकल्प को साकार करने की दिशा में तीव्र गति से आगे बढ़ रही है। सांसद ने कहा कि इन वर्षों में सरकार ने सुशासन, बुनियादी ढांचे के विकास और गरीब कल्याणकारी योजनाओं पर ध्यान केंद्रित किया है। वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने के लिए 58 करोड़ से अधिक जनधन खाते खोले गए हैं। आयुष्मान भारत के तहत गरीब परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने के लिए ₹5 लाख तक का मुफ्त इलाज सुनिश्चित किया गया है। किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और कृषि अवसंरचना को मजबूत करने के लिए निरंतर कदम उठाए गए हैं। भारत को ‘ग्लोबल मिलेट्स हब’ के रूप में स्थापित किया गया है। तकनीकी नवाचार, स्टार्टअप इंडिया और कौशल विकास के माध्यम से युवाओं को नए अवसर प्रदान किए गए हैं। 4 करोड़ से अधिक पक्के घर (पीएम आवास योजना) बनाए गए हैं और 12 करोड़ से अधिक शौचालय (स्वच्छ भारत) का निर्माण हुआ है। उज्ज्वला योजना के तहत 10 करोड़ से अधिक महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन और जल जीवन मिशन के माध्यम से 15 करोड़ से अधिक घरों तक नल से जल पहुंचाया गया है। कहा कि पिछले 12 वर्षों की नीतियों ने महिलाओं को आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन देने का काम किया है। उच्च शिक्षा में बेटियों की बढ़ती भागीदारी और महिला-नेतृत्व वाले विकास को बढ़ावा मिला है।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता विनय चौबे, मुकेश निरंजन सिन्हा, सूरज गुप्ता, भोला चंद्रवंशी, अरविन्द पाण्डेय, जिला सांसद प्रतिनिधि प्रमोद चौबे, निजी सचिव अलख दूबे, ओंकार नाथ तिवारी, हरेन्द्र द्विवेदी, राम सरिख चन्द्रा, शिवनारायण चंद्रा, विजय गुप्ता, मिथिलेश तिवारी, मुकेश चौबे, भगवान दत तिवारी, गौरीशंकर बिन्द, सुरेन्द्र राम सहित भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्तागण उपस्थित थे।








