गढ़वा में 83.12 % मतदाताओं की मैपिंग पूर्ण
![]()
सदास्मृत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा
गढ़वा : विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के तहत शनिवार एवं रविवार को आयोजित विशेष शिविरों के दौरान जिले में व्यापक स्तर पर मतदाताओं की मैपिंग की गई। दो दिनों के विशेष अभियान में कुल 17,922 मतदाताओं की मैपिंग की गई, जिसके बाद गढ़वा जिले में कुल 83.12 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पूर्ण हो चुकी है।
उप निर्वाचन पदाधिकारी सह सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने बताया कि अभियान के दौरान लगभग सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ की उपस्थिति सुनिश्चित कराई गई तथा मतदाताओं को मैपिंग संबंधी आवश्यक जानकारी और सहयोग उपलब्ध कराया गया।
अभी भी जारी है मैपिंग का कार्य: उन्होंने कहा कि विशेष शिविरों के समापन के बाद भी मैपिंग का कार्य निरंतर जारी रहेगा। जिन मतदाताओं की मैपिंग अभी तक नहीं हो सकी है, वे अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर यथाशीघ्र मैपिंग करा लें। संजय कुमार ने बताया कि मतदाताओं की सुविधा के लिए बीएलओ लगातार क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं तथा आवश्यकता पड़ने पर मतदाता अपने मतदान केंद्र अथवा संबंधित बीएलओ से संपर्क कर अपनी स्थिति की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
समय रहते पूरी कर लें प्रक्रिया: उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे अंतिम समय तक प्रतीक्षा न करें और अपने बूथ के बीएलओ से संपर्क कर समय रहते अपनी मैपिंग की प्रक्रिया पूर्ण करा लें। इससे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने के साथ-साथ मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने में सहायता मिलेगी।
जनसहयोग से अभियान को मिली गति: उप निर्वाचन पदाधिकारी ने अभियान में सहयोग करने वाले बीएलओ, पर्यवेक्षकों, जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों तथा जागरूक नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से जिले में मैपिंग का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि शेष मतदाताओं की मैपिंग भी शीघ्र पूरी कर ली जाएगी और जिले में कम से कम 90 प्रतिशत मैपिंग के लक्ष्य की दिशा में प्रभावी प्रगति होगी।
75 प्रतिशत से कम मैपिंग वाले बूथों पर चलेगा विशेष अभियान: संजय कुमार ने बताया कि जिले में कई ऐसे मतदान केंद्र हैं जहां 90 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं की मैपिंग पूरी हो चुकी है। वहीं कुछ मतदान केंद्र ऐसे भी हैं जहां मैपिंग का प्रतिशत अपेक्षाकृत काफी कम है। ऐसे बूथों की सूची तैयार की जा रही है और उन पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन मतदान केंद्रों पर मैपिंग का प्रतिशत 75 प्रतिशत से कम है, वहां अतिरिक्त विशेष अभियान चलाया जाएगा तथा विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य शेष मतदाताओं तक पहुंचकर उनकी मैपिंग सुनिश्चित करना और अभियान की प्रगति को और तेज करना है।







