आंध्र प्रदेश के एक परिवार का हुआ था एक्सीडेंट

आंध्र प्रदेश के एक परिवार का हुआ था एक्सीडेंट

पलामू पुलिस और लिट्टी बेचने वाले ने की थी मदद

एक साल बाद आभार व्यक्त करने लौटे पलामू



दिवंगत आशुतोष रंजन

प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा


आंध्र प्रदेश के तिरुपति निवासी दिल्ली प्रताप और प्रमिला देवी रविवार को आभार व्यक्त करने पलामू पहुंचे। दिल्ली प्रताप और उनकी पत्नी प्रमिला देवी रविवार को अचानक पलामू एसपी आवास पहुंचे। जहां उन्होंने एसपी और अन्य पुलिसकर्मियों और स्थानीय कृष्णा कुमार का आभार व्यक्त किया। दरअसल, जुलाई 2024 में दिल्ली प्रताप और प्रमिला देवी एक हादसे का शिकार हो गए थे। उस दौरान पलामू एसपी के साथ कृष्ण कुमार ने उनकी मदद की थी और उनका इलाज कराया था। इसी का आभार प्रकट करने वे पलामू पहुंचे।

दरअसल, जुलाई 2024 में आंध्र प्रदेश के तिरुपति निवासी दिल्ली प्रताप और प्रमिला देवी अपने परिवार संग चार धाम यात्रा पर निकले थे। वे वाराणसी में काशी विश्वनाथ के दर्शन करने के बाद जगन्नाथपुरी होते हुए आंध्र प्रदेश लौट रहे थे। इसी क्रम में, लातेहार के छिपादोहर में उनकी कार का भीषण एक्सीडेंट हो गया था। परिवार को हिंदी नहीं आती थी और न ही स्थानीय लोग उनकी भाषा समझ पा रहे थे। सभी घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, बाद में स्थानीय डॉक्टरों ने गंभीर रूप से घायल एक महिला और पूरे परिवार के सदस्य को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया था। यह पूरी घटना 23 जुलाई 2024 की रात लगभग 12 बजे की है।

मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती होने के दौरान ही पलामू की एसपी रीष्मा रमेशन को पूरे मामले की जानकारी मिली। उसी समय, अस्पताल के बाहर लिट्टी बेचने वाले कृष्ण कुमार नामक व्यक्ति ने भी अस्पताल में घायलों की हालत देखी। परिवार ने पलामू पुलिस से मदद की गुहार लगाई थी। पलामू पुलिस से दुर्घटना पीड़ित परिवार को मदद मिली। वहीं लिट्टी बेचने वाले कृष्ण कुमार ने भी विशेष रूप से उनकी हरसंभव मदद की। कृष्णा तेलुगु नहीं समझते थे, लेकिन उनकी हर बात समझ गए।

पलामू एसपी रीष्मा रमेशन ने पहल की और पूरे परिवार का इलाज करवाया। पलामू पुलिस सभी की हालत में सुधार होने तक उनके स्वास्थ्य पर नजर रख रही थी। हालत में सुधार होने के बाद, पलामू पुलिस के एक पुरुष और दो महिला पुलिसकर्मी भी परिवार के साथ उनके घर तक गए।

पूरा परिवार एक साल बाद आभार व्यक्त करने पहुंचा पलामू: रविवार को दिल्ली प्रताप और प्रमिला देवी आभार व्यक्त करने अचानक पलामू एसपी आवास पहुंचे। इस दौरान दिल्ली प्रताप के परिवार की मदद करने वाले कृष्ण कुमार भी मौजूद थे। दिल्ली प्रताप और प्रमिला देवी ने पलामू एसपी, उनके घर पहुंचाने वाले पुलिस कर्मियों और अधिकारियों और कृष्णा प्रसाद का हादसे के दौरान मदद के लिए आभार व्यक्त किया। दिल्ली प्रताप ने कहा कि भाषा की बाधा के बावजूद, पुलिस और स्थानीय लोगों ने उनके परिवार की जान बचाई और उनकी उम्मीद से बढ़कर मदद की। अब कृष्णा प्रसाद के साथ उनका भाईचारा बन गया है।

“दुर्घटना पीड़ित परिवार की पलामू पुलिस ने मदद की। परिवार को वापस भेजने के लिए पलामू पुलिस की दो महिला कांस्टेबल और एक पुरुष कांस्टेबल भी भेजे गए। परिवार पलामू की जनता और पुलिस का आभार व्यक्त करने आया था। दुर्घटना के दौरान मिली मदद ने साबित कर दिया कि पलामू के लोग मुसीबत के समय किसी के भी साथ खड़े होते हैं.” – रीष्मा रमेशन, एसपी, पलामू

Tags

About Author

Ashutosh Ranjan

Follow Us On Social Media