लड़की से मिलने गया था युवक, बैट्री चोर बोल कर लोगों ने पीट-पीट कर मार डाला
![]()
दिवंगत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा
डालटनगंज : पलामू जिले के पड़वा थाना क्षेत्र अंतर्गत तेलियाही में पवन कुमार नामक युवक की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। पवन कुमार पड़वा थाना क्षेत्र के कोकरसा गांव का रहने वाला था। शुरुआती खबर निकल कर सामने आई थी कि पवन को बैट्री चोर बोल कर बंधक बनाया गया था और फिर पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। अब इस कहानी में नया मोड़ सामने आया है।
दरअसल, पवन शनिवार की रात तेलियाही में एक लड़की से मिलने गया था। इसी दौरान परिजनों ने उसे पकड़ लिया। बाद में बैट्री चोर बोलकर परिजन और ग्रामीणों ने पवन कुमार की पिटाई कर दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद पड़वा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में पवन का रेस्क्यू किया। लेकिन अस्पताल ले जाने के रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में उसे मृत घोषित कर दिया गया।
इधर, घटना के बाद नाराज ग्रामीणों ने पड़वा थाना क्षेत्र के कोकरसा में रोड जाम कर दिया। हालात को देखते हुए इलाके में डीएसपी राजेश यादव, पड़वा थाना प्रभारी अंचित कुमार, सदर थाना प्रभारी लालजी समेत कई पुलिस अधिकारी कैंप कर रहे हैं।
“रात 12.30 बजे के करीब पड़वा थाना प्रभारी को कॉल आया था कि चोरी के आरोप के एक युवक को पकड़ कर रखा गया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची तो देखा कि एक युवक को मारपीट कर बंधक बना कर रखा गया है। गांव वाले उसे घेरे हुए थे। पुलिस ने युवक को छुड़ाया और थाना प्रभारी को सूचना देने के बाद लेकर जाने लगी। रास्ते में तबीयत खराब होने के बाद उसे सदर अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे ब्रॉड डेथ घोषित कर दिया। पुलिस ने एक आरोपी को डिटेन किया है और पूरे मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। शुरुआती जानकारी निकलकर सामने आई थी कि बैट्री चोरी में यह घटना हुई है। हालांकि, पता चला है कि जिस घर में युवक को घेर कर रखा गया था उस घर की लड़की से वह मिलने गया था। पुलिस पूरे मामले में आगे की अनुसंधान एवं कार्रवाई कर रही है। मॉब लिंचिंग की धाराओं में एफआईआर दर्ज करायी जाएगी” – रीष्मा रमेशन, एसपी, पलामू
मेडिकल बोर्ड के द्वारा होगा पोस्टमार्टम, मॉब लिंचिंग की धाराओं में दर्ज होगी एफआईआर
एसपी ने कहा कि इस घटना को लेकर मॉब लिंचिंग की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। घटना के बाद दंडाधिकारी की मौजूदगी में मेडिकल बोर्ड के द्वारा मृतक पवन कुमार के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।पोस्टमार्टम की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी कराई जा रही है। पवन कुमार एक दलित युवक था। इलाके में हालात को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस जवानों को तैनात किया गया है। इधर, पूरे मामले में बाबूलाल मरांडी ने भी सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट किया है और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।







