नाबालिग ने कर ली आत्महत्या
![]()
दिवंगत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा
जिला के मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र में एक दुखद घटना घटी है। यहां एक नाबालिग ने दुष्कर्म की कोशिश से तंग आकर आत्महत्या कर ली। जानकारी के मुताबिक, मना करने के बावजूद आरोपी मां-बाप समेत, नाबालिग के घर पहुंचा और उसे अपने साथ ले जाने की कोशिश करने लगा। इस दौरान जमकर हंगामा हुआ। इस घटना से तंग आकर 16 वर्षीय नाबालिग ने आत्महत्या कर ली।
आरोपी युवक और मां-बाप पर मामला दर्ज: पुलिस ने आरोपी राहुल ठाकुर और उसके मां-बाप के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। घटना के बाद से राहुल ठाकुर एवं उसके परिजन फरार हैं। पुलिस गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह छापेमारी कर रही है।
घर में घुसकर दुष्कर्म की कोशिश: दरअसल, चार अगस्त को मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र में एक नाबालिग ने आत्महत्या कर ली। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया। पूरे मामले में परिजनों की तरफ से पुलिस को आवेदन दिया गया है। जिसमें कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। परिजनों ने पुलिस को बताया है कि दो अगस्त के दिन आरोपी राहुल ठाकुर घर में जबरदस्ती घुसा और नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने की कोशिश करने लगा। इस दौरान भारी हंगामा होता देख आसपास के लोग जमा हो गए। भीड़ को इकट्ठा होते देख आरोपी राहुल मौके से फरार हो गया।
नाबालिग को साथ ले जाने की जिद कर रहा था आरोपी: फिर आरोपी राहुल ठाकुर दोबारा घटना के अगले दिन सुबह अपने मां पिता के साथ पहुंचा और नाबालिग को जबरदस्ती अपने साथ ले जाने की जिद करने लगा। लेकिन नाबालिग के परिजनों ने विरोध किया। इस दौरान लोगों की भीड़ जमा हो गई। बाद में राहुल और उसके परिजन भाग निकले। जिसके बाद घटना की रात, पीड़िता ने आत्महत्या कर ली।
पूरे मामले में गंभीर धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज किया गया है और आगे छानबीन की जा रही है।
– मोहम्मद याकूब, एसडीपीओ, हुसैनाबाद








