समिति के अध्यक्ष सह विधायक नरेश सिंह ने अपनी देखरेख में युद्ध स्तर पर कराई सतबहिनी झरना तीर्थ में छठ की तैयारी

समिति के अध्यक्ष सह विधायक नरेश सिंह ने अपनी देखरेख में युद्ध स्तर पर कराई सतबहिनी झरना तीर्थ में छठ की तैयारी

संपूर्ण झरना घाटी, तीनों छठ घाट, मेला मैदान की सफाई, सीढ़ी व रास्ता निर्माण व सूर्य मंदिर का कराया गया रंग रोगन

8 राज्यों के तीन लाख श्रद्धालु सतबहिनी झरना तीर्थ के महव्रत छठ के सामुहिक महा अनुष्ठान में लेते हैं भाग


दिवंगत आशुतोष रंजन

 

प्रियरंजन सिन्हा

बिंदास न्यूज, गढ़वा

 

लोकआस्था के महापर्व छठ को लेकर गढ़वा जिलांतर्गत कांडी प्रखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सतबहिनी झरना तीर्थ में मंगलवार से युद्ध स्तर पर तैयारी शुरू कर दी गई। इस दौरान संपूर्ण सफाई व आवश्यक निर्माण कार्य किया जा रहा है। क्षेत्रीय विधायक सह मां सतबहिनी झरना तीर्थ एवं पर्यटन स्थल विकास समिति के अध्यक्ष नरेश प्रसाद सिंह ने सम्पूर्ण स्थल का निरीक्षण किया। इस मौके पर समिति के सचिव सहित कई सदस्य एवं श्रद्धालु जन उपस्थित थे। प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सतबहिनी झरना तीर्थ स्थानीय 100 गांवों के साथ संपूर्ण झारखंड राज्य एवं सुदूर आठ प्रदेशों के छठ व्रतियों के लिए प्रमुख स्थल बन चुका है। यहां की मनोहारी छटा एवं हरी भरी वादियां सुबिस्तृत एवं खुला खुला स्थान तमाम लोगों को अपनी ओर आकर्षित करता है। अभी तक के आयोजनों को देखा जाए तो  निराहार छठवती, उनके परिजन एवं सतबहिनी झरना तीर्थ का छठ के सामूहिक महा अनुष्ठान को देखने के लिए आने वाले दूर-दूर के दर्शकों को मिलाकर 3 लाख से अधिक लोगों का आगमन हो चुका है। इसी महा जुटान को देखते हुए झारखंड राज्य हिंदू धार्मिक न्यास बोर्ड की निबंधित इकाई मां सतबहिनी झरना तीर्थ एवं पर्यटन स्थल विकास समिति के चयनित अध्यक्ष सह विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने अपनी व्यस्त दिनचर्या में से समय निकालकर कई दिनों से काफी समय देकर समिति के सदस्यों के साथ अपनी देखरेख में महाव्रत की तैयारी को अंतिम रूप दिला रहे हैं। विधायक ने महापर्व छठ की भव्य तैयारियों को लेकर सम्पूर्ण स्थल का विस्तृत जायजा लिया। जेसीबी के माध्यम से संपूर्ण झरना घाटी के साथ तीनों घाटों की सफाई की गई। सेतु मार्ग से नीचे उतरकर मनोरम झरना के निकट स्नान तथा भगवान भास्कर को अर्घ्य दान के लिए जाने में सुगमता हेतु एक और लोहे की सीढ़ी बनवाकर लगाई गई। जिससे भारी भीड़ के दौरान एक सीढ़ी से प्रवेश और दूसरे सीढ़ी से निकास का कार्य हो सके। इसके साथ ही जेसीबी से मेला मैदान की भी सफाई कराई गई। इसके अलावा मेला मैदान में होने वाली भारी भीड़ को झरना घाटी में उतरने वाला रास्ता बरसात में क्षतिग्रस्त हो गया था। जिसे फिर से बनाया गया। विधायक ने समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, सुरक्षा, टेंट आदि श्रद्धालुओं की सभी सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि यह पावन स्थल न केवल झारखण्ड बल्कि आठ राज्यों के श्रद्धालुओं की आस्था का केन्द्र है। प्रतिवर्ष यहां लाखों श्रद्धालु छठ महापर्व में सम्मिलित होते हैं।  विधायक ने सतबहिनी झरना तीर्थ स्थल पर छठ पूजा करने आने वाले श्रद्धालुओं को कोई असुविधा नही हो जिस को ध्यान में रखते हुए प्रशासन व स्थानीय समिति को निर्देश दिया कि सम्पूर्ण सुरक्षा व्यवस्था चाक -चौबंद रखी जाए। घाटों की सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था आकर्षक ढंग से की जाए। साथ ही श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नही हो इस बात का ध्यान रखा जाए। इस अवसर पर विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने कहा कि छठ महापर्व हमारी आस्था, संस्कृति और लोक परम्परा का प्रतीक है। हमारा संकल्प है कि माँ सतबहिनी झरना तीर्थ को और अधिक स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं राष्ट्रीय स्तर का दिव्य स्वरूप प्रदान किया जाएगा। झरना घाटी, मेला मैदान व तीनों छठ घाट की सफाई का कार्य किया जा रहा है। साथ ही सूर्य मंदिर के रंग रोगन, प्रतिमा व कलश की सफाई तथा पेंटिंग का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है। समिति के सचिव मुरलीधर मिश्र ने कहा कि विधायक जी के सभी निर्देशों का पालन करते हुए तय समय के अंदर सभी आवश्यक तैयारी पूरी कर ली जाएगी। इस मौके पर संत हरिदास, पुजारी नीतीश पाठक, प्रवीण पाण्डेय, विधायक प्रतिनिधि आतिश कुमार सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष अरुण सिंह, गोरखनाथ सिंह, शम्भूनाथ सिंह, ध्रुव कुमार पांडेय, हरिनाथ चन्द्रवँशी, विनोद चन्द्रवँशी, अवधेश गुप्ता, असर्फी सिंह, विभूति नारायण द्विवेदी, नवल किशोर तिवारी, बटेश्वर सिंह, देवी दयाल राम, मुखिया प्रतिनिधि अरुण राम व रमेश तिवारी सहित कई लोग उपस्थित थे।

Tags

About Author

Ashutosh Ranjan

Follow Us On Social Media