मोहम्मदगंज स्टेशन पर गरीब रथ एक्सप्रेस का ठहराव स्वीकृत
![]()
दिवंगत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज गढ़वा
गढ़वा : पलामू संसदीय क्षेत्र के लोगों के लिए एक बड़ी और लंबे समय से प्रतीक्षित खुशखबरी सामने आई है। रांची – नई दिल्ली गरीब रथ एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 12877/12878 का मोहम्मदगंज रेलवे स्टेशन पर ठहराव स्वीकृत हो गया है। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि की जानकारी पलामू सांसद विष्णुदयाल राम ने दी। सांसद वीडी राम ने इसे अपने वर्षों के निरंतर प्रयासों का परिणाम बताते हुए कहा कि यह पलामू क्षेत्र की जनता की एक पुरानी और जायज मांग थी जो अब पूरी हो गई है। उन्होंने बताया कि बहुत जल्द मोहम्मदगंज रेलवे स्टेशन पर विधिवत कार्यक्रम आयोजित कर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर ठहराव का शुभारंभ किया जाएगा। रांची –नई दिल्ली गरीब रथ एक्सप्रेस झारखंड और बिहार के लाखों यात्रियों के लिए जीवन रेखा मानी जाती है। इस ट्रेन से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र नौकरीपेशा लोग व्यापारी मरीज एवं आम यात्री रांची, नई दिल्ली और अन्य महानगरों की यात्रा करते हैं।
अब इस ट्रेन का ठहराव मोहम्मदगंज स्टेशन पर होने से मोहम्मदगंज प्रखंड, हैदरनगर प्रखंड, कांडी प्रखंड तथा बिहार सीमा से सटे कई गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। सांसद ने कहा कि इस क्षेत्र से बड़ी संख्या में यात्री नियमित रूप से रांची, दिल्ली और अन्य बड़े शहरों की ओर जाते हैं। ठहराव स्वीकृत होने से यात्रियों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। यात्रा का समय और खर्च दोनों कम होंगे तथा ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। सांसद वीडी राम ने बताया कि इस मांग को लेकर उन्होंने लोकसभा में नियम 377 और शून्यकाल के दौरान मामला उठाया था। साथ ही मंडल और जोनल स्तर की बैठकों में भी इस विषय को लगातार रखा गया। इसके अलावा रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर एवं व्यक्तिगत मुलाकात कर मांग को मजबूती से रखा गया। जिसका सकारात्मक परिणाम अब सामने आया है। इस अवसर पर सांसद विष्णुदयाल राम ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति पलामू संसदीय क्षेत्र की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय क्षेत्र के विकास और जनता की सुविधा की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।







