पलामू में गोलगप्पा खाने से 25 से अधिक बच्चे बीमार

पलामू में गोलगप्पा खाने से 25 से अधिक बच्चे बीमार

इलाज में जुटी स्वास्थ्य विभाग की टीम



दिवंगत आशुतोष रंजन

प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज़, गढ़वा


डालटनगंज : जिला में पांकी थाना क्षेत्र के द्वारिका के इलाके में गोलगप्पा खाने के बाद 25 से भी अधिक बच्चे बीमार हो गए हैं। सभी बच्चों का इलाज ग्रामीण स्तर पर ही किया जा रहा है। इस मामले की जानकारी मिलने के तुरंत बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हो गई है। जबकि एंबुलेंस को भी भेजा गया है। सभी बच्चों को उल्टी दस्त और डिहाइड्रेशन की शिकायत है।

दरअसल, पांकी थाना क्षेत्र के द्वारिका के रघुआखांड़ में महाशिवरात्रि के मौके पर मेला लगा था। इसी मेला में द्वारिक, यादव टोला, जमुआटांड़ समेत कई अन्य गांव के बच्चों ने गोलगप्पा खाया था। गोलगप्पा खाने के बाद रविवार की रात से एक-एक करके बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी। सोमवार सुबह में कई बच्चों की तबीयत और ज्यादा बिगड़ गई। ग्रामीणों ने इस पूरे मामले की जानकारी पांकी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को दी। जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम हरकत में आई है।

पांकी में द्वारिका के रहने वाले ध्रुव कुमार गुप्ता ने बताया कि उनके बेटे ने भी मेला में गोलगप्पा खाया था। जिसके बाद उसकी तबीयत खराब हो गई है। स्थानीय स्तर पर ही बच्चे का इलाज करवाया गया है। मेला में गोलगप्पा खाने के कारण गांव के कई अन्य बच्चे भी बीमार हुए हैं। उन्होंने बताया कि एक दर्जन से भी अधिक बच्चे बीमार हैं। वहीं पांकी के चिकित्सा प्रभारी महेंद्र प्रसाद ने बताया कि कई बच्चों के बीमार होने की जानकारी मिली है। गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम एवं एंबुलेंस को भेजा गया है। साथ ही इस मामले में जांच भी की जा रही है। वहीं कई ग्रामीण अपने स्तर से भी बच्चों का इलाज करवा रहे हैं।

Tags

About Author

Ashutosh Ranjan

Follow Us On Social Media