पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर के जन्मदिन पर धीरज का 25वां रक्तदान

पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर के जन्मदिन पर धीरज का 25वां रक्तदान


दिवंगत आशुतोष रंजन

प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा


गढ़वा : झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय महासचिव मिथिलेश कुमार ठाकुर के जन्मदिन के अवसर पर समाजसेवा की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए पार्टी के मीडिया पैनलिस्ट सह केंद्रीय सदस्य धीरज दुबे ने सोमवार को सदर अस्पताल रांची में रक्तदान किया। यह उनका अब तक का 25वाँ रक्तदान रहा। जबकि मिथिलेश कुमार ठाकुर के जन्मदिन पर लगातार 10वीं बार रक्तदान कर उन्होंने सेवा-भाव का एक अलग उदाहरण प्रस्तुत किया।

रक्तदान के बाद धीरज दुबे ने कहा कि जन्मदिन केवल उत्सव का नहीं बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का दिन होना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारे नेता मिथिलेश कुमार ठाकुर सदैव जनसेवा, जरूरतमंदों की सहायता और मूल्यों की राजनीति की बात करते हैं। उसी सोच से प्रेरित होकर मैं हर वर्ष उनके जन्मदिन पर रक्तदान करता हूँ ताकि किसी जरूरतमंद की जान बच सके।

उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है और इससे किसी प्रकार की कमजोरी नहीं आती। बल्कि शरीर स्वस्थ रहता है। उन्होंने बताया कि अस्पतालों में अक्सर दुर्घटना, प्रसव, ऑपरेशन तथा गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को रक्त की आवश्यकता होती है और समय पर रक्त नहीं मिलने से कई लोगों की जान चली जाती है। ऐसे में युवाओं को आगे आकर नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए।

अस्पताल के चिकित्सकों एवं कर्मियों ने भी इस पहल की सराहना की और कहा कि समाज के सक्रिय लोग जब रक्तदान जैसे अभियान से जुड़ते हैं तो आम लोगों में जागरूकता बढ़ती है। कई कार्यकर्ताओं ने मौके पर मौजूद रहकर रक्तदान करने वालों का हौसला बढ़ाया तथा भविष्य में बड़े पैमाने पर रक्तदान शिविर आयोजित करने की बात कही।

धीरज दुबे ने बताया कि उनका उद्देश्य केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं बल्कि स्थायी जनजागरण है। उन्होंने कहा कि वह पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर नियमित रक्तदान करते हैं ताकि आसपास के क्षेत्रों में रक्त की कमी न हो।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने इसे सामाजिक जिम्मेदारी का प्रेरक कदम बताते हुए कहा कि राजनीतिक कार्यकर्ता यदि सेवा कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाएँ तो समाज में सकारात्मक संदेश जाता है और राजनीति के प्रति भरोसा भी मजबूत होता है।

Tags

About Author

Ashutosh Ranjan

Follow Us On Social Media