परिजनों को दिया हर संभव सहयोग का भरोसा
![]()
दिवंगत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा
गढ़वा : गढ़वा स्थित 172 बटालियन सीआरपीएफ के अधिकारियों और जवानों ने जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद रोधी ऑपरेशन के दौरान शहीद हुए सिपाही/जीडी जितेंद्र सिंह (98 बटालियन सीआरपीएफ) को उनके पैतृक निवास पलामू जिले के बसवारा गांव में भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान पूरा माहौल गमगीन रहा और उपस्थित लोगों ने शहीद के अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में उप कमांडेंट उमाकांत ओझा सहित अन्य अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में सीआरपीएफ के जवान मौजूद रहे। सभी ने शहीद के चित्र पर पुष्पार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। जवानों ने “भारत माता की जय” और “अमर शहीद अमर रहें” के नारों के साथ शहीद के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
इस अवसर पर अधिकारियों ने शहीद के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि देश शहीदों के बलिदान को कभी नहीं भूल सकता और सीआरपीएफ परिवार हर परिस्थिति में शहीद के परिवार के साथ खड़ा है। अधिकारियों ने परिजनों को हर संभव सहयोग और सहायता का भरोसा दिलाया। उप कमांडेंट उमाकांत ओझा ने कहा कि शहीद जीतेंद्र सिंह ने देश की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। जो हमेशा प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा। उनका साहस और कर्तव्यनिष्ठा आने वाली पीढ़ियों को देश सेवा के लिए प्रेरित करती रहेगी। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित अधिकारियों और जवानों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीद की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान पूरे क्षेत्र में शोक की लहर देखी गई और ग्रामीणों ने भी बड़ी संख्या में पहुंचकर अपने वीर सपूत को श्रद्धांजलि अर्पित की।







