एसडीएम ने नगर निकायों के नव-निर्वाचित प्रतिनिधियों के साथ किया संवाद

एसडीएम ने नगर निकायों के नव-निर्वाचित प्रतिनिधियों के साथ किया संवाद

गढ़वा व मझिआंव नगर निकायों के दो दर्जन जनप्रतिनिधि हुये शामिल

वार्ड पार्षदों ने टाउन हॉल मैदान में वाहन पड़ाव पर स्थायी रोक लगाने की मांग की

दोनों नगर क्षेत्रों में ट्रैफिक पुलिस की मांग जनप्रतिनिधियों ने रखी

दानरो से बालू उत्खनन के विरुद्ध एकजुट दिखे गढ़वा के पार्षद गण

 

दिवंगत आशुतोष रंजन

प्रियरंजन सिन्हा

बिंदास न्यूज, गढ़वा

गढ़वा : पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप गढ़वा सदर एसडीएम संजय कुमार ने अपने साप्ताहिक कार्यक्रम “कॉफी विद एसडीएम” में बुधवार को गढ़वा नगर परिषद एवं मझिआंव नगर पंचायत के नव-निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के साथ परिचयात्मक संवाद किया। इस दौरान स्थानीय समस्याओं एवं विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से विमर्श किया गया। बैठक में मझिआंव नगर पंचायत की अध्यक्ष  सुमित्रा देवी, उपाध्यक्ष  सुमन विश्वकर्मा तथा गढ़वा नगर परिषद की उपाध्यक्ष  अनीता प्रसाद सहित दोनों निकायों के तमाम वार्ड पार्षद उपस्थित रहे।

अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं वार्ड पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को प्रमुखता से रखा। साथ ही, दोनों नगर क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की आवश्यकता पर बल दिया। एसडीएम ने सभी सुझावों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

सर्वप्रथम अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी नव-निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बधाई दी तथा सभी से क्रमवार परिचय प्राप्त किया। तत्पश्चात सभी प्रतिनिधियों ने एक-एक कर अपने-अपने विचार प्रस्तुत किए।

मझिआंव नगर पंचायत की अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष ने हाल ही में संपन्न नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के लिए एसडीएम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मझिआंव नगर पंचायत क्षेत्र में मुख्य मार्गों पर अतिक्रमण और जाम प्रमुख समस्याएं हैं। जिनके समाधान हेतु वे स्वयं भी बोर्ड बैठक में नीतिगत पहल करेंगे।

गढ़वा नगर परिषद की उपाध्यक्ष अनीता प्रसाद ने शहर की यातायात व्यवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए अनुरोध किया कि अनुमंडल स्तर से उच्च स्तर तक प्रस्ताव भेजकर शहर में ट्रैफिक पुलिस की पदस्थापना सुनिश्चित कराई जाए।

गढ़वा वार्ड 9 के पार्षद बंधु राम ने टाउन हॉल मैदान में अव्यवस्थित वाहन पड़ाव पर स्थायी रोक लगाने की मांग की। इस पर सभी पार्षदों ने एक मत से उनका समर्थन किया।

वार्ड संख्या 14 की पार्षद  रश्मि सिन्हा ने “कॉफी विद एसडीएम” कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे गढ़वा जिले का अत्यंत लोकप्रिय संवाद मंच बताया। उन्होंने अपने वार्ड में अवैध शराब बिक्री एवं नशाखोरी के विरुद्ध अभियान चलाने का अनुरोध किया। साथ ही, उन्होंने शहर में अव्यवस्थित आवागमन, सहिजना मोड़ पर रोड की जर्जर स्थिति तथा आगामी रामनवमी पर्व के मद्देनजर जुलूस के दौरान संभावित कठिनाइयों की ओर ध्यान आकृष्ट कराया। उन्होंने यह भी कहा कि सड़क चौड़ीकरण के बाद भी बिजली विभाग द्वारा अनुपयोगी खंभों को सड़क के बीच से नहीं हटाया जा रहा है, जिस पर आवश्यक निर्देश दिए जाने चाहिए।

वार्ड संख्या 20 की पार्षद  सविता देवी ने शहर में साफ-सफाई व्यवस्था पर असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान में केवल कचरे का स्थानांतरण किया जा रहा है, न कि उसका समुचित निस्तारण। उन्होंने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा प्लांट निर्माण में बाधा उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध प्रशासनिक स्तर पर कानूनी कार्रवाई की मांग की। वार्ड संख्या 1 की पार्षद गजाला सिद्दीकी ने अपने क्षेत्र के दोनों बीएलओ पर निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से कार्य नहीं करने का आरोप लगाते हुए उनके विरुद्ध कार्रवाई का अनुरोध किया। पार्षद बंधु राम ने पुन: विद्युत विभाग से संबंधित मुद्दा उठाते हुए कहा कि 11 केवी के तारों को घरों के छज्जों के अत्यंत निकट से गुजारा जा रहा है। जो जान-माल के लिए गंभीर खतरा बन सकता है।

वार्ड संख्या 13 के पार्षद उमेश मेहतो ने कहा कि इस बार नगर परिषद में एक सशक्त एवं समर्पित टीम का चयन हुआ है। जो मिलकर गढ़वा के समग्र विकास के लिए कार्य करेगी। वार्ड 11 की पार्षद सत्यवती देवी ने उनके क्षेत्र में पुलिस गश्ती का अनुरोध किया। वार्ड संख्या 19 के पार्षद उदय कुशवाहा ने दानरो नदी से हो रहे बालू के अवैध उठाव पर सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि जिन अधिकारियों एवं कर्मियों की मिलीभगत से यह कार्य हो रहा है, उनके विरुद्ध भी एसडीएम स्तर से कार्रवाई की अनुशंसा की जानी चाहिए। साथ ही, उन्होंने वार्ड 19 के पार्क को वार्ड 12 में स्थानांतरित किए जाने का विरोध किया। जिस पर कई अन्य पार्षदों ने भी उनका समर्थन किया। वार्ड संख्या 3 की पार्षद रेनु देवी ने साफ-सफाई एवं नाली से जुड़े मुद्दे उठाए। जिस पर उन्हें बोर्ड बैठक में इन विषयों को प्राथमिकता से रखने का सुझाव दिया गया। मझिआंव वार्ड 12 के पार्षद बालमुकुंद मेहता ने अपने क्षेत्र स्थित स्वास्थ्य केंद्र को नियमित रूप से संचालित कराने हेतु आवश्यक कार्रवाई की मांग की।

वहीं, वार्ड पार्षद गीता देवी एवं वार्ड संख्या 8 की पार्षद माया पाठक ने अपने-अपने क्षेत्रों में चोरी एवं अन्य विधि-व्यवस्था से संबंधित समस्याओं को उठाते हुए संबंधित थाना प्रभारी को आवश्यक निर्देश दिए जाने का अनुरोध किया। मझिआंव के ही पार्षद प्रदीप साव, पार्षद विकास कुमार सिंह एवं पार्षद वीरेंद्र प्रसाद ने विभिन्न नागरिक समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन से सक्रिय सहयोग की अपेक्षा जताई। जबकि वार्ड संख्या 5 के पार्षद मोहम्मद आफताब खान ने बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाने का अनुरोध किया। इसके अतिरिक्त, अन्य कई जनप्रतिनिधियों ने भी समसामयिक मुद्दों को अनुमंडल पदाधिकारी के समक्ष रखा। जिस पर सभी विषयों पर यथासंभव आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया।

कार्यक्रम के अंत में सभी नव-निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। बैठक में उपर्युक्त जनप्रतिनिधियों के अतिरिक्त पूर्व पार्षद जितेंद्र सिन्हा, घनश्याम प्रसाद, पवन कुमार, अखिलेश तिवारी एवं मोहम्मद रोशन सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों की भी उपस्थिति रही।

Tags

About Author

Ashutosh Ranjan

Follow Us On Social Media