एसडीएम की त्वरित कार्रवाई से अतिक्रमण का प्रयास विफल

एसडीएम की त्वरित कार्रवाई से अतिक्रमण का प्रयास विफल

समाहरणालय के समीप स्कूल भूमि घेर कर बनाई जा रही अवैध बाउंड्री ध्वस्त



दिवंगत आशुतोष रंजन

प्रियरंजन गढ़वा
बिंदास न्यूज, गढ़वा


गढ़वा : समाहरणालय के समीप स्थित एक सरकारी विद्यालय की भूमि पर अतिक्रमण के प्रयास की शिकायत फोन पर मिलने के 10 मिनट के अंदर अनुमंडल पदाधिकारी ने त्वरित कार्रवाई कर भू-माफियाओं के कुत्सित प्रयास को विफल कर दिया। दरअसल रविवार सुबह एसडीएम को दो आम नागरिकों के फोन कॉल से मिली शिकायत के आधार पर उन्होंने स्वयं मौके पर पहुंचकर वहां हो रहे अवैध निर्माण के संबंध में स्थानीय लोगों से पूछताछ की। हालांकि एसडीएम के आने की भनक पर मिस्त्री, मजदूर आदि सब पहले ही भाग खड़े हुए थे। किंतु मौके पर पाया गया कि अज्ञात लोगों द्वारा दिनदहाड़े विद्यालय को घेरकर कब्जा करने के उद्देश्य से बहुत तेजी से काम करते हुए लगभग तीन फीट ऊंची बाउंड्री का निर्माण किया जा चुका था। पूछताछ के बावजूद आसपास के लोग निर्माण कराने वाले की पहचान बताने को तैयार नहीं थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ने कुछ मिनटों पूर्व निर्मित इस बाउंड्री के ताजा निर्माण कार्य को मौके पर ही तत्काल ध्वस्त करा दिया। साथ ही वहां मौजूद ईट, सीमेंट, बालू आदि निर्माण सामग्री को जब्त करने हेतु अंचल अधिकारी सफी आलम को निर्देश दिया। एसडीएम ने कल्याणपुर मुखिया अशोक चंद्रवंशी को मौके पर बुलाकर परिसर पर नजर रखने तथा स्थानीय स्तर पर यह पता लगाने का निर्देश दिया कि उक्त अवैध निर्माण किसके द्वारा कराया जा रहा था।

उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष भी इसी स्थान पर कुछ लोगों द्वारा अवैध बाउंड्री निर्माण कर कब्जे का प्रयास किया गया था। जिसे उस समय भी एसडीएम संजय कुमार ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तोड़वा दिया था। एसडीएम ने मौके पर मौजूद गढ़वा अंचल अधिकारी एवं संबंधित राजस्व कर्मियों को ऐसे अन्य मामलों पर भी सतत निगरानी रखने और किसी भी अतिक्रमण के प्रयास पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय प्रबुद्ध लोग और शिकायतकर्ता ग्रामीण मौजूद थे।

Tags

About Author

Follow Us On Social Media