आगामी मानसून को लेकर जल-जमाव की संभावनाओं एवं समाधान को लेकर हुई समीक्षा
चिनिया रोड और कचहरी रोड में वर्षा जल जमाव का आकलन और निराकरण एक माह के अंदर कर लें : एसडीएम
![]()
सदास्मृत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा
गढ़वा : उपायुक्त अनन्य मित्तल के निदेंश पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने आगामी मानसून में गढ़वा शहरी क्षेत्र में संभावित जल जमाव की स्थिति से निपटने की ससमय तैयारियों की समीक्षा को लेकर संबंधित पदाधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता प्रदीप कुमार, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता अजय कुमार सिंह, नगर परिषद गढ़वा के कार्यपालक पदाधिकारी सुशील कुमार, साज के टीम लीडर विकास प्रसाद गुप्ता तथा शिवालया कंस्ट्रक्शन के प्रतिनिधि बृजेश कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे। बैठक के दौरान शहर के चिनियां रोड क्षेत्र में संभावित जल-जमाव की स्थिति को देखते हुए समय रहते समन्वय बनाकर आवश्यक तैयारी करने के लिए पथ प्रमंडल एवं नगर परिषद को कहा गया।
वहीं कचहरी रोड के चौड़ीकरण के बाद सड़क के ऊँचा हो जाने एवं नई नालियों के निर्माण के कारण दोनों ओर के इलाकों में जल-जमाव की संभावनाओं का आकलन कर ससमय उनके निराकरण के लिए नगर परिषद, साज एवं शिवालया कंस्ट्रक्शन को निर्देशित किया गया। कहा गया कि चूंकि अभी काम निर्माणाधीन है इसलिए यदि कोई खामी रह गई हो तो उसे इसी चरण में सुधार लें। क्योंकि बाद में फिर परिवर्तन की गुंजाइश नहीं रह जाती है। चिनियां रोड और कचहरी रोड सड़क निर्माण कार्य के दौरान क्षतिग्रस्त हुए पेयजलापूर्ति पाइपों की शीघ्र मरम्मति हेतु संबंधित निर्माण एजेंसियों, नगर परिषद एवं पेयजल प्रमंडल को समन्वय बनाकर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
समीक्षा के क्रम में यह भी सामने आया कि चिनियां रोड चौड़ीकरण के दौरान पथ निर्माण विभाग द्वारा नगर परिषद की पूर्व निर्मित नालियों को अतार्किक ढंग से स्लैब ढाल कर ढक दिया गया है। जिससे उनकी सफाई संभव नहीं हो पा रही है। इसके कारण बारिश के दौरान जल-जमाव की गंभीर समस्या भी उत्पन्न हो सकती है। साथ ही कुछ हिस्से में नाली का निर्माण हुआ ही नहीं है। इन सभी लापरवाही जनित विसंगतियों को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने संबंधित विभागों को अगले 15 दिनों के भीतर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सुशील कुमार ने पथ निर्माण विभाग से अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने की बात रखी। जिस पर एसडीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्यपालक अभियंता को शीघ्र आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया।
एसडीएम ने स्पष्ट रूप से कहा कि नालियों को बिना उपयुक्त अंतराल पर ओपनिंग दिए ढकने से सफाई कार्य बाधित होता है। जिससे समस्या और गंभीर हो जाती है। अतः दोनों विभागों को समन्वय स्थापित कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। कहा कि यदि शहर में वर्षा जल जमाव हुआ और इसके पीछे कहीं भी किसी निर्माण एजेंसी या कार्यकारी विभाग की लापरवाही उजागर होगी तो संबंधित एजेंसियों के अलावा जिम्मेदार विभागीय पदाधिकारियों पर भी कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी।







