विभिन्न योजनाओं एवं नागरिक सेवाओं की समीक्षा की, दिए निर्देश
अनधिकृत रूप से अनुपस्थित कर्मियों को शो-काज
![]()
सदास्मृत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा
गढ़वा : अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने बुधवार को डंडई प्रखंड कार्यालय एवं अंचल कार्यालय का निरीक्षण कर विभिन्न विकास योजनाओं, जन कल्याणकारी कार्यक्रमों एवं नागरिक सेवाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के क्रम में कुछ कर्मी अनुपस्थित पाए गए, जिन्हें शोकॉज किया गया। इनमें सहायक अभियंता राहुल कुमार, सहायक प्रभाशंकर दुबे एवं कंप्यूटर ऑपरेटर वीरेंद्र कुमार शामिल हैं। एसडीएम ने कार्यालय में समयबद्ध उपस्थिति एवं ससमय कार्य निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
राइट टू सर्विस एक्ट के अनुपालन पर दिया जोर: निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने राइट टू सर्विस एक्ट के प्रभावी अनुपालन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को निर्धारित समयसीमा के भीतर सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसलिए प्रत्येक आवेदन की पावती जरूर दें और सेवाओं को अनावश्यक विलंब नहीं करें। उन्होंने प्रखंड एवं अंचल कार्यालय से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों से विभिन्न प्रशासनिक एवं जनहित से जुड़े मुद्दों यथा जन वितरण प्रणाली, दाखिल खारिज, भूमि विवाद, जन शिकायत निस्तारण आदि पर जानकारी प्राप्त की तथा लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया। साथ ही योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनाए रखने को कहा।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भी किया निरीक्षण: इस दौरान एसडीएम ने डंडई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर रोस्टर के अनुरूप चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति की जांच की। उन्होंने दवा वितरण व्यवस्था, ओपीडी संचालन एवं अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं का भी निरीक्षण किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी देवलाल करमाली तथा अंचल अधिकारी जयशंकर पाठक भी मौजूद थे।
मनरेगा में डोभा एवं बागवानी योजनाओं का लिया जायजा: इसके बाद एसडीएम ने मनरेगा के तहत निर्मित एक डोभा का निरीक्षण किया तथा एक बागवानी योजना का भी जायजा लिया। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन, गुणवत्ता एवं उपयोगिता के संबंध में संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने अंचलाधिकारी जयशंकर पाठक से विभिन्न राजस्व मामलों की प्रगति विशेषकर समय सीमा से ज्यादा पुराने नामांतरण वादों के बारे में विस्तृत जानकारी ली तथा लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया।









