प्रोग्राम से ठीक पहले बिगड़ी तबीयत
दिवंगत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा
छत्तीसगढ़ की एक डांसर की पलामू में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक डांसर प्रिया कुमारी छत्तीसगढ़ के लखनपुर के नावापारा की रहने वाली थी।
प्रिया के साथियों के अनुसार प्रिया कुमारी शनिवार की रात अपने साथियों के साथ खुले में शौच करने गई थी। शौच के बाद प्रिया वापस लौटी और कार्यक्रम प्रस्तुत करने की तैयारी करने लग गई। इसी बीच उसने बताया कि उसके सिर में दर्द हो रहा है। डांसर के साथियों ने उसके सिर पर तेल से मालिश की। लेकिन दर्द और बढ़ता गया। प्रिया को उल्टी भी होने लगी। जिसके बाद साथियों ने मकान मालिक को बुलाया। मकान मालिक के बेटे ने प्रिया को दो इंजेक्शन लगाए। लेकिन हालत और बिगड़ गई। हालत बिगड़ने पर प्रिया को छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
छतरपुर थाना प्रभारी प्रशांत प्रसाद ने बताया कि इंजेक्शन लगाने के बाद प्रिया की मौत हो गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
प्रिया की सहेली नीतू ने बताया कि उन्हें डांस प्रोग्राम प्रस्तुत करने के लिए बुलाया गया था। लेकिन उसे पैसे नहीं दिए गए। जिसके चलते वह छतरपुर में किराए के मकान में रह रही थी। उन्हें एक प्रोग्राम के लिए प्रतिदिन ढाई से तीन हजार रुपए मिलते हैं। प्रिया के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और वे भी मौके के लिए रवाना हो गए हैं।