TSPC नक्सलियों के साथ हुआ एनकाउंटर
दिवंगत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा
डालटनगंज : प्रतिबंधित नक्सली संगठन तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी (टीएसपीसी) के साथ हुई मुठभेड़ में पुलिस के दो जवान शहीद हो गए हैं। जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल है। जिसका मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। शहीद होने वाले जवानों में पलामू एएसपी अभियान का एक बॉडीगार्ड भी शामिल है। पलामू एसपी रीष्मा रमेशन ने इसकी पुष्टि की है।
TSPC नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़: दरअसल, पलामू पुलिस ने टीएसपीसी के 10 लाख का इनामी कमांडर शशिकांत गंझू के खिलाफ सर्च अभियान शुरू किया था। सर्च अभियान के दौरान पुलिस मनातू थाना क्षेत्र के केदल गांव पहुंची थी। जहां 10 लाख के इनामी कमांडर शशिकांत गंझू का घर भी है। इसी बीच पुलिस जवान और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में तीन पुलिस जवानों को गोली लग गई। जिसके बाद सभी को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने दो जवानों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल जवान का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
नक्सली कमांडर शशिकांत के गढ़ में हुई मुठभेड़: मुठभेड़ को लेकर पलामू एसपी रीष्मा रमेशन ने बताया कि टीएसपीसी के खिलाफ सर्च अभियान शुरू किया गया था। इसी सर्च अभियान में टीएसपीसी नक्सलियों के साथ मुठभेड़ हुई। जिसमें दो जवान शहीद हुए हैं और एक जख्मी है। शहीद जवान संतन कुमार मेहता हैदरनगर थाना क्षेत्र के सोबा बरेवा और सुनील राम हैदर नगर थाना क्षेत्र के परता गांव के रहने थे। जबकि जख्मी रोहित कुमार रेहला थाना क्षेत्र के लालगढ़ के इलाके के रहने वाले हैं।
बता दें कि सर्च ऑपरेशन के दौरान शशिकांत गंझू के घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर यह मुठभेड़ हुई है। टीएसपीसी के नक्सलियों ने अचानक जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद पलामू एसपी रीष्मा रमेशन समेत टॉप अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। साथ ही डीआईजी नौशाद आलम भी मौके पर मौजूद हैं। टीएसपीसी का टॉप कमांडर शशिकांत गंझू पर झारखंड सरकार ने 10 लाख का इनाम घोषित किया है। जिस इलाके में यह मुठभेड़ हुई है, वह उसका गढ़ माना जाता है। इसी इलाके से शशिकांत पलामू और चतरा के इलाके में अपनी गतिविधि का संचालन करता है।
