कार्यक्रम में लाभुकों के बीच किया गया परिसंपत्तियों एवं पुरस्कार का वितरण समेत स्वीकृति/अनुदान का दिया गया लाभ
झारखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर गढ़वा जिला के विभिन्न झारखंड आंदोलनकारियों को किया गया सम्मानित
![]()
दिवंगत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा
गढ़वा : आज झारखंड राज्य स्थापना दिवस के मौके पर टाउन हॉल गढ़वा (नीलांबर पीतांबर बहुउद्देशीय संस्कृतिक भवन) में जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। उपायुक्त गढ़वा दिनेश यादव की गरिमामयी उपस्थिति में कार्यक्रम का संचालन किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त समेत पुलिस अधीक्षक अमन कुमार, माननीय विधायक भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र अनंत प्रताप देव, जिला परिषद अध्यक्ष शांति देवी, जिला परिषद उपाध्यक्ष सत्यनारायण यादव, उप विकास आयुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा, अपर समाहर्ता राज महेश्वरम, अनुमंडल पदाधिकारी गढ़वा संजय कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी धीरज प्रकाश, जिला जन-सम्पर्क पदाधिकारी पंकज कुमार गिरि, माननीय विधायक प्रतिनिधि गढ़वा विधानसभा क्षेत्र समेत अन्य अतिथियों के आगमन पर स्कूली बच्चों द्वारा स्वागत गान गाकर अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। साथ ही आभार व्यक्त करते हुए सभी को पुष्प गुच्छ भेंट की गई। मंच पर उपस्थित अतिथियों के द्वारा सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। झारखंड राज्य स्थापना दिवस के मौके पर एवं भगवान बिरसा मुंडा की जन्म जयंती पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, माननीय विधायक भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र, जिला परिषद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, उप विकास आयुक्त , अपर समाहर्ता व मंचासीन अन्य पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित की एवं विकसित झारखंड और खुशहाल झारखंड होने की कामना की।
कार्यक्रम में उपायुक्त श्री यादव ने मंच से संबोधित करते हुए सभी को झारखंड राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि इस वर्ष का स्थापना दिवस बहुत महत्वपूर्ण है 25 वर्ष झारखंड के हो चुके हैं। आज 25 वर्ष पहले हमारा राज्य बिहार से अलग हुआ। झारखंड राज्य स्थापना दिवस का समारोह राजव्यापी तौर पर मनाये जा रहे हैं। इसी कड़ी में राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर लगातार कार्यक्रमों का आयोजन कराया जा रहा है। उन्होंने आपका संविधान में आगामी 21 नवंबर से 15 दिसंबर 2025 तक सरकार आपके द्वारा जैसे कार्यक्रमों के आयोजन के संबंध में लोगों को अवगत कराया। इस दौरान उन्होंने आमजनों से सरकार आपके द्वार के तहत लग रहे शिविर में उपस्थित होकर विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार आपके द्वारा जैसे कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य है कि दृढसंकल्पित होकर योजनाओं का लाभ आमजनों को सही समय पर दे एवं अधिक से अधिक संख्या में दें। केंद्र एवं राज्य सरकार की बहुत सी योजनाएं चलती है, उसकी जानकारी लें एवं उन योजनाओं का लाभ उठाएं। हमारा मुख्य दायित्व है कि हम इन योजनाओं का लाभ शत प्रतिशत लाभुकों तक पहुंचाए। उन्होंने नया झारखंड में बहुत से विकास कार्यों के होने की जानकारी दी एवं सभी को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं भेंट की। पुलिस अधीक्षक ने अपने संबोधन में लोगों को राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि झारखंड का विकास हर एक क्षेत्र में हुआ है। नक्सलवाद की समस्या से यह राज्य अब मुक्ति के कगार पर है। सभी जिले में नक्सलवाद की समस्या समाप्ति की ओर है। झारखंड के विकास में हम सभी प्रण लें कि इसके विकास में अपना योगदान दें तथा इसे आने वाले समय में विकसित राज्य बनाएं। उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना दिवस भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। उनके आदर्शों पर चल कर झारखंड राज्य का गठन हुआ था। हम सभी लोगों को भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शो को आत्मसात करने की जरूरत है, साथ ही महापुरुषों के बताए मार्ग पर चलने से ही समाज में बेहतर वातावरण तैयार होता है।
वहीं उप विकास आयुक्त द्वारा राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा गया कि आज का दिन काफी विशेष दिन है। उन्होंने कहा कि देश के पहले स्वतंत्रता आंदोलन में झारखंड के जितने भी वीर सपूत शहीद हुए हैं, उनमें से एक भगवान बिरसा मुंडा हैँ, जिनकी आज 150वीँ जयंती है। उन्होंने सभी स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया एवं उनके शहादत को याद किया। उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य खनिज, प्राकृतिक संपदाओं एवं सुंदरता तथा पर्यटन व समृद्धि से भरपूर है। झारखंड राज्य हरेक मामले में अन्य प्रदेशों से भिन्न है। इसके हरे भरे जंगल एवं प्राकृतिक सौंदर्यता को बचाए रखने की जरूरत है। झारखंड निर्माण के पश्चात आमजनों के जीवन में जो बदलाव आए हैं उसे हम महसूस कर सकते हैं। भारत सरकार एवं राज्य सरकार के सहयोग से गरीबों को विभिन्न योजनाओं का लाभ मिल रहा है, हर तरफ विकास हुआ है एवं व्यवस्थाओं में सुधार हुआ है। यह बहुत गौरव का दिन है, हमारे वीर शहीदों, हमारे वीर क्रांतिकारियों के नाम पर बिरसा मुंडा के जन्मदिन पर स्थापना दिवस मनाया जाता है। गढ़वा जिले ने एक गुणात्मक ऊंचाई और प्रगति हासिल किया है। हमारी अपेक्षाएं है कि हम आगे भी बेहतर कार्य करें और लगातार गढ़वा जिला को ऊंचाई पर पहुंचाएं।
माननीय विधायक भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के अनंत प्रताप देव ने झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए इसकी शुभकामनाएं दी एवं भगवान बिरसा मुंडा के बताए रास्ते पर सबको चलने की बात कही। उन्होंने कहा कि जब से झारखंड राज्य बना है तब से निरंतर विकास के कार्य किया जा रहे हैं झारखंड को विकसित राज्य बनाने की दिशा में राज्य सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। जिला परिषद अध्यक्ष शांति देवी द्वारा मंच से संबोधित करते हुए सभी को झारखंड राज्य स्थापना दिवस की बधाई दी गई। उन्होंने कहा कि बिहार से अलग होकर 15 नवंबर 2000 को जब से झारखंड बना है तब से निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने झारखंड राज्य स्थापना एवं राज्य सरकार द्वारा दिए जा रहे सरकारी योजनाओं के लाभों के संबंध में कई प्रमुख बातें कही गई। उन्होंने योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया।
उक्त कार्यक्रम में सभी मंचासिन पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा लाभुकों के बीच कुल मो० 21 करोड़ 22 लाख 65 हजार 3 सौ रूपये के परिसंपत्तियों का वितरण एवं स्वीकृति/अनुदान का लाभ दिया गया। इनमें मुख्य रूप से जेएसएलपीएस गढ़वा अंतर्गत सखी मंडलों को चक्रिय निधि, सामुदायिक निवेश निधि, संकुल संगठन एवं ग्राम संगठन को स्थापना निधि तथा ग्राम संगठन को सामुदायिक सुरक्षा निधि/VRF दी गई। जिला पशुपालन विभाग से बकरा विकास योजना के तहत लाभ दिए गए जबकि जिला श्रम विभाग की ओर से लाभुकों के बीच मातृत्व प्रसुत्ति प्रसुविधा योजना एवं श्रमिक औजार सहायता योजना के तहत लाभान्वित किया गया। इसके अतिरिक्त मत्स्य विभाग, कल्याण विभाग, कृषि विभाग, भूमि संरक्षण विभाग, समाज कल्याण, नगर परिषद, परिवहन, समाज कल्याण, नगर पंचायत व सहाय्य शाखा आदि विभागों के अंतर्गत लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों/ स्वीकृति/अनुदान आदि का वितरण करते हुए योजनाओं का लाभ दिया गया।
झारखंड राज्य स्थापना के रजत जयंती के अवसर पर टाउन हॉल में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया जिसमें विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं जेएसएलपीएस के मंडलों द्वारा गीत नृत्य व नाटक प्रस्तुत करते हुए भगवान बिरसा मुंडा एवं विभिन्न शहिद स्वतंत्रता सेनानियों एवं आंदोलनकारियों के जीवन परिचय एवं उनके संघर्ष, शहादत और बलिदान, त्याग, समर्पण का परिचय दिया। स्थापना दिवस के अवसर पर रंगारंग कार्यक्रम के विजेता एवं पूर्व के दिनों से चल रहे विभिन्न कार्यक्रमों यथा- क्विज प्रतियोगिता, पेंटिंग प्रतियोगिता, निबंध लेखन, नृत्य, गायन, नाटक मंचन आदि में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों के बीच पुरस्कार वितरण भी किया गया। साथ ही झारखंड आंदोलनकरियों को भी झारखंड राज्य के निर्माण में अपनी अहम भूमिका निभाने के लिए मंच पर शॉल देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की समाप्ति की घोषणा अनुमंडल पदाधिकारी गढ़वा संजय कुमार के द्वारा धन्यवाद ज्ञापन करते हुए की गई।
उक्त समारोह के आयोजन में उपरोक्त पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, अतिथियों के अतिरिक्त काफी संख्या में आमजनों समेत स्कूली छात्र-छात्राओं एवं मीडिया प्रतिनिधियों की उपस्थिति थी।








