पलामू रेंज से नक्सलियों का होगा सम्पूर्ण रूप से खात्मा

पलामू रेंज से नक्सलियों का होगा सम्पूर्ण रूप से खात्मा

डीआईजी ने कहा- सिस्टम के प्रति लोगों का बढ़ेगा विश्वास

कहा कि अफीम तस्कर और उसकी खेती करने वालों के खिलाफ भी होगी कार्रवाई



दिवंगत आशुतोष रंजन

प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा


डालटनगंज : पलामू रेंज में बचे हुए नक्सलियों का संपूर्ण रूप से सफाया होगा। पुलिस नक्सलियों से आत्मसमर्पण की अपील भी कर रही है और अभियान भी चला रही है। पुलिस एक साथ सामाजिक अपराध रोकने और अफीम की खेती के खिलाफ कार्रवाई समेत कई बिंदुओं पर कार्रवाई कर रही है। पलामू रेंज के अंतर्गत आने वाले पलामू, गढ़वा एवं लातेहार का इलाका नक्सल हिंसा, अपराध एवं सामाजिक अपराध के लिए पूरे देश भर में चर्चित रहा है। पलामू रेंज की कमान 2012 बैच के सीनियर आईपीएस किशोर कौशल को सौंपी गई है।

आईपीएस किशोर कौशल ने पलामू डीआईजी का पदभार भी संभाल लिया है। मीडिया ने पलामू रेंज के डीआईजी किशोर कौशल के साथ कई बिंदुओं पर बातचीत की है। इस बातचीत के दौरान डीआईजी ने नक्सल अपराध, सामाजिक अपराध, अफीम की खेती और पुलिस की पहल को लेकर कई बातें कही हैं।

पलामू रेंज के बचे हैं नक्सलियों के छोटे दस्ते, पूर्ण रूप से खात्मे का है टारगेट

पलामू रेंज के डीआईजी किशोर कौशल ने कहा कि पलामू का इलाका शुरू से ही नक्सल हिंसा एवं अपराध के लिए चुनौती रही है। पिछले कुछ वर्षों में पुलिस एवं सुरक्षा बलों ने बेहतर तरीके से काम करते हुए नक्सल एवं अपराध पर नकेल कसा है। पलामू गढ़वा और लातेहार के इलाके में नक्सलियों की छिटपुट गतिविधि रह गई है और अब इनके केवल छोटे दस्ते ही बचे हुए हैं। जिस प्रकार पहले अभियान चलाया गया था, उसी प्रकार इस अभियान की निरंतरता बनी रहेगी।

पुलिस, नक्सलियों से सरेंडर करने की अपील कर रही है। पुलिस का लक्ष्य है कि पलामू, गढ़वा एवं लातेहार के इलाके से नक्सलियों का पूर्ण रूप से खात्मा हो। डीआईजी ने कहा कि जिस प्रकार से नक्सलियों के खिलाफ अभियान चलाया गया है, आत्मसमर्पण नीति तैयार की गई है, उसका प्रतिफल है कि आज नक्सलियों को कैडर नहीं मिल रहे हैं और बड़ी संख्या में सरेंडर भी हुए हैं।

अपराध को लेकर होगी कार्रवाई, सिस्टम पर लोगों का बढ़ेगा विश्वास

मीडिया के द्वारा सामाजिक अपराध के विषय पूछे गए सवाल पर डीआईजी किशोर कौशल ने कहा कि इस तरह की चीजों को रोकने के लिए प्रिवेंशन और डिडक्शन दो महत्वपूर्ण चीजें होती हैं। सामाजिक अपराध को रोकने के लिए प्रिवेंशन जरूरी है। जमीन विवाद, अंधविश्वास एवं दहेज के लिए हत्या करना – इसमें कहीं न कहीं जागरूकता की कमी है। लोगों के बीच जागरूकता चलाई जा रही है। उनका प्रयास रहेगा कि इस अभियान को तेज किया जाए। डीआईजी ने कहा कि लोग अपने अधिकार के साथ-साथ कर्तव्य को लेकर भी जागरूक हों। कई बार यह देखा गया है कि व्यवस्था में विश्वास में कमी के कारण लोग गलत कदम भी उठा लेते हैं। उनका प्रयास रहेगा कि लोगों का सिस्टम के प्रति विश्वास बढ़े। थाने में कोई व्यक्ति आए तो उसकी बातों को सुना जाए और उस पर मुकम्मल कार्रवाई हो।

अफीम तस्करों की संपत्ति होगी जब्त, चलाया जा रहा है अभियान

डीआईजी किशोर कौशल ने कहा कि 2025 में पलामू और लातेहार में अफीम के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हुई है। यह कार्रवाई अभी भी जारी है। डीजीपी के निर्देश के आलोक में अफीम तस्कर और अफीम की खेती करने वालों के खिलाफ संपत्ति जब्त करने की भी प्रक्रिया शुरू की गई है। लातेहार जिला से प्रस्ताव भी आया है। अन्य जिलों में भी प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं।

डीआईजी ने कहा कि अफीम की खेती के खिलाफ लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है और पुलिस कार्रवाई भी कर रही है। अफीम की खेती एवं ट्रांसपोर्टेशन को लेकर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अफीम की खेती को पूरी तरह से खत्म करने के लिए सघन नीति के तहत कार्रवाई कर रही है।

इंटेलिजेंस बेस्ड सूचनाओं को भी इकट्ठा किया जा रहा है : डीआईजी

डीआईजी ने कहा है कि अफीम की खेती को रोकने के लिए इंटेलिजेंस बेस्ड सूचनाओं को भी इकट्ठा किया जा रहा है। अफीम की खेती करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। डीआईजी ने पलामू के लोगों से अपील की है कि पुलिस सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था कायम करने के लिए हर जरूरी कदम उठा रही है। पुलिस अधिकारियों को यह निर्देश दिया गया है कि आम लोगों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनें और उसका निराकरण करें।

बता दें कि पलामू डीआईजी किशोर कौशल 2012 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। किशोर कौशल धनबाद, रांची एवं जमशेदपुर के एसएसपी रह चुके हैं। रामगढ़, दुमका एवं रांची के सिटी एसपी भी रहे हैं। किशोर कौशल ने पलामू के 34वें डीआईजी का पदभार संभाला है। 1991 में पलामू का इलाका रेंज बना था। पलामू रेंज के अंतर्गत पलामू गढ़वा एवं लातेहार जिला शामिल है।

Tags

About Author

Ashutosh Ranjan

Follow Us On Social Media