![]()
दिवंगत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा
गढ़वा : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने एक बार फिर स्पष्ट कर दिया है कि पार्टी के लिए जनता सर्वोपरि है और अनुशासनहीनता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पार्टी नेतृत्व ने दो टूक शब्दों में कहा कि झामुमो अपने संविधान, नीति और सिद्धांतों के अनुसार चलती है और इसमें व्यक्तिगत वर्चस्व, गुटबाजी या अनुशासनहीन आचरण के लिए कोई स्थान नहीं है।
पार्टी नेताओं ने कहा कि झामुमो का गठन ही शोषित, वंचित, आदिवासी, मूलवासी, दलित और पिछड़े वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए हुआ है। यही पार्टी की आत्मा और पहचान है। ऐसे में जनता के खिलाफ किसी भी प्रकार के अत्याचार, अन्याय या शोषण को पार्टी कभी स्वीकार नहीं कर सकती। यदि किसी भी स्तर पर यह पाया जाता है कि पार्टी का कोई कार्यकर्ता, पदाधिकारी या समर्थक जनता के शोषण में शामिल है, तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। चाहे वह व्यक्ति कितना ही प्रभावशाली क्यों न हो।
झामुमो ने यह भी स्पष्ट किया कि पार्टी के भीतर शिकायतों और समस्याओं के समाधान के लिए स्पष्ट और मजबूत संगठनात्मक व्यवस्था मौजूद है। कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के लिए जिला समिति, प्रखंड समिति और अन्य उपयुक्त फोरम बनाए गए हैं। जहां वे अपनी बात रख सकते हैं। पार्टी का मानना है कि आंतरिक मामलों को संगठन के भीतर ही सुलझाया जाना चाहिए। किसी भी पार्टी पदाधिकारी या संगठन के खिलाफ सार्वजनिक रूप से प्रेस वार्ता करना या मीडिया के माध्यम से आरोप-प्रत्यारोप करना न केवल अनुचित है, बल्कि यह गंभीर अनुशासन हीनता की श्रेणी में आता है।
नेतृत्व ने कहा कि इस तरह की हरकतों से पार्टी की छवि को सार्वजनिक रूप से धूमिल करने का प्रयास होता है। जिसे किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जा सकता। झामुमो एक अनुशासित और विचारधारात्मक पार्टी है। जहां व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा से ऊपर संगठन और जनता का हित रखा जाता है। पार्टी की प्राथमिकता हमेशा जनता रही है और आगे भी रहेगी।
झामुमो ने दोहराया कि यदि जनता और पार्टी के बीच किसी कार्यकर्ता की गलती, दबंगई या वर्चस्व की लड़ाई सामने आती है, तो पार्टी बिना किसी दबाव के कार्रवाई करने में तनिक भी देरी नहीं करेगी। संगठन में कोई भी व्यक्ति पार्टी से बड़ा नहीं है। पद, प्रतिष्ठा या व्यक्तिगत संबंध कार्रवाई के रास्ते में बाधा नहीं बन सकते।
पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे पार्टी की मर्यादा, अनुशासन और विचारधारा का सम्मान करें। जनता के मुद्दों को प्राथमिकता दें। उनके साथ खड़े रहें और संगठन को मजबूत करने का कार्य करें। झामुमो ने यह संदेश भी दिया कि पार्टी जनता के विश्वास से बनी है और उसी विश्वास की रक्षा करना हर कार्यकर्ता और पदाधिकारी की जिम्मेदारी है। अनुशासन और जनता के प्रति समर्पण ही झामुमो की असली ताकत है। इस मौके पर ज़िलाध्यक्ष शंभू राम, मीडिया पैनलिस्ट सह केंद्रीय सदस्य धीरज दुबे, सचिव शरीफ अंसारी, केन्द्रीय सदस्य जवाहर पासवान, तनवीर आलम ख़ान, मनोज ठाकुर, युवा मोर्चा अध्यक्ष संजय सिंह छोटू, प्रखंड अध्यक्ष जैनुल अंसारी, ज़िला परिषद सदस्य प्रतिनिधि रतन सिंह, प्रमुख लीलावती देवी सहित प्रखंड कमेटी एवं पंचायत अध्यक्ष व सचिव मौजूद थे ।







