सदास्मृत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा
गढ़वा : सी.आर.पी.एफ के स्पेशल डीजी दीपक कुमार दिनांक 12 मई 2026 को सुरक्षा व्यवस्था एवं क्षेत्र की वर्तमान स्थिति का जायजा लेने हेतु बूढ़ा पहाड़ पहुंचे। नक्सलियों का गढ़ माना जाने वाला बूढ़ा पहाड़ अब विकास और शांति की नई तस्वीर पेश कर रहा है। इसी बदलती तस्वीर का जायजा लेने हेतु स्पेशल डीजी श्री दीपक कुमार बूढ़ा पहाड़ पहुंचे। उनके साथ साकेत सिंह, आई०जी०, सी.आर.पी.एफ. पंकज कुमार, डी०आई० जी, किशोर कौशल, डी०आई०जी. सिविल पुलिस झारखण्ड, आशुतोष शेखर, एस.पी गढ़वा, अमरेन्द्र कुमार सिंह द्वितीय कमान अधिकारी, 172 बटालियन सीआरपीएफ व रोहित रंजन एस०डी०पी०ओ० रंका भी मौजूद रहे। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा बूढ़ा पहाड़ की सुरक्षा व्यवस्था, जवानों की तैनाती, ऑपरेशनल तैयारियों एवं क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जवानों का उत्साहवर्धन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। निरीक्षण उपरांत सभी अधिकारी बूढ़ा पहाड़ से गढ़वा स्थित 172 बटालियन मुख्यालय पहुंचे तथा वहाँ जवानों के साथ सैनिक सम्मेलन में शामिल हुए तथा उनका मनोबल बढ़ाया। दीपक कुमार, स्पेशल डीजी ने कहा कि सीआरपीएफ की सतत तैनाती एवं प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था के कारण आज क्षेत्र में शांति एवं अमन का वातावरण स्थापित हुआ है। साथ ही आम जनता तक सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं निरंतर पहुंच रही हैं। जिससे क्षेत्र के लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।









