![]()
सदास्मृत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा
गढ़वा : सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार के साप्ताहिक संवाद कार्यक्रम “कॉफी विद एसडीएम” के तहत इस सप्ताह विशेष संवाद कार्यक्रम का आयोजन बुधवार 13 मई को को पूर्वाह्न 11:00 बजे अनुमंडल कार्यालय सभागार में किया जाएगा। अंतर्राष्ट्रीय नर्सिंग दिवस के उपलक्ष्य में इस बार कार्यक्रम में विभिन्न अस्पतालों, स्वास्थ्य संस्थानों या नर्सिंग संस्थानों में कार्यरत नर्सिंग कर्मियों, प्रशिक्षुओं तथा नर्सिंग व्यवस्था से जुड़े लोगों को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम का उद्देश्य नर्सिंग क्षेत्र से जुड़े लोगों के अनुभवों, समस्याओं, सुझावों एवं कार्य परिस्थितियों को सुनना तथा स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने हेतु संवाद स्थापित करना है।
एसडीएम ने कहा कि मरीजों की सेवा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने में एक नर्स की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। ऐसे में उनके साथ संवाद स्थापित करना तथा उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुनना आवश्यक है। चूंकि नर्स का कार्य कर रहे लोग स्वास्थ्य व्यवस्था को बहुत नजदीक से देख रहे होते हैं इसलिए उनके फीडबैक मौजूदा स्थानीय स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार के लिए उपयोगी साबित हो सकते हैं। उन्होंने आमंत्रित वर्ग यानि नर्सिंग कर्मियों से निर्धारित समय पर स्वैच्छिक रूप से उपस्थित होकर कार्यक्रम में आने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सिर्फ वही इच्छुक नर्स इस कार्यक्रम में आएं जो उस समय ड्यूटी में न हों तथा जिनके पास यहां आने के लिए समय उपलब्ध हो। संजय कुमार ने कहा कि स्वास्थ्य व्यवस्था का सबसे मानवीय चेहरा नर्सिंग कर्मी होते हैं, इसलिए उनके निजी विषयों और सुझावों को सुनना और समझना भी बेहद जरूरी है।








