”परिवहन कार्यालय आपके द्वार” अभियान का शानदार आगाज़

”परिवहन कार्यालय आपके द्वार” अभियान का शानदार आगाज़

मेराल में उमड़ी भीड़, अब गांव-गांव पहुंचेगा परिवहन विभाग

डीटीओ ने अपने हाथों से बांटे 100 लर्निंग लाइसेंस



सदास्मृत आशुतोष रंजन

प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा


गढ़वा : आज दिनांक- 27 जून 2026 को झारखंड सरकार परिवहन विभाग द्वारा शुरू किए गए “परिवहन कार्यालय आपके द्वार” महाअभियान का आयोजन गढ़वा जिले के मेराल प्रखंड में किया गया। इस पहल के तहत परिवहन विभाग पंचायत स्तर पर शिविर लगाकर ग्रामीणों को ड्राइविंग एवं लर्निंग लाइसेंस की सुविधा उपलब्ध करा रहा है।

इस नई पहल का लाभ उठाने के लिए शिविर स्थल पर सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। अब लर्निंग लाइसेंस बनवाने के लिए लोगों को जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। शिविर में ऑन-द-स्पॉट पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

सुबह 11:00 बजे से शुरू हुए शिविर में दस्तावेज़ सत्यापन से लेकर लर्निंग टेस्ट तक की पूरी प्रक्रिया मौके पर ही पूरी की गई। परिवहन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों ने आवेदकों के दस्तावेजों का सत्यापन किया तथा कंप्यूटर आधारित लर्निंग टेस्ट आयोजित की। इस अवसर पर जिला परिवहन पदाधिकारी, गढ़वा धीरज प्रकाश स्वयं उपस्थित रहें। उन्होंने टेस्ट उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थियों को अपने हाथों से लर्निंग लाइसेंस प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।

जिला परिवहन पदाधिकारी, गढ़वा ने सभी इच्छुक आवेदकों से अपील किया कि वे शिविर में आने से पहले अपना ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया अवश्य कर लें। आवेदक अपने नजदीकी प्रज्ञा केंद्र या ऑनलाइन सेवा केंद्र के माध्यम से Sarathi Portal पर आवेदन करें, उसका प्रिंट निकालें तथा सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में उपस्थित हों। साथ ही लर्निंग लाइसेंस शुल्क की ऑनलाइन रसीद भी साथ लाना अनिवार्य है।

शिविर में आने वाले आवेदकों के लिए आवश्यक जानकारी देते हुए कहा गया कि शिविर का आयोजन पूर्वाहन 11:00 बजे से अपराह्न 03:00 बजे तक होगी, जिसमें आवश्यक दस्तावेज़ के रूप में आधार कार्ड एवं निवास प्रमाण पत्र, वोटर आईडी कार्ड अथवा 10वीं की मार्कशीट (आयु प्रमाण), पासपोर्ट आकार का फोटो, ब्लड ग्रुप की जानकारी से संबंधित कागजात लाना आवश्यक है।

शुल्क भुगतान केवल ऑनलाइन प्रक्रिया से स्वीकार्य है, शिविर में किसी प्रकार का नकद भुगतान स्वीकार नहीं किया जाएगा। अर्थात आवेदन शुल्क केवल ऑनलाइन माध्यम से जमा किया जाएगा। इसलिए आवेदक अपने साथ UPI (Google Pay, PhonePe, Paytm आदि) या ATM कार्ड की सुविधा अवश्य रखें।

परिवहन विभाग की यह पहल आम नागरिकों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। मेराल से शुरू हुआ यह अभियान आगे गढ़वा जिले के अन्य प्रखंडों एवं पंचायतों में भी आयोजित किया जाएगा, जिससे ग्रामीणों को उनके घर के नज़दीक ही परिवहन सेवाओं का लाभ मिल सकेगा तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता भी सुनिश्चित हो सकेगी।

शिविर में पंचायत प्रतिनिधि, प्रखंड प्रशासन के अधिकारी, जिला परिवहन कार्यालय, गढ़वा के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहें और पूरी व्यवस्था संभालते हुए शिविर का संचालन कराया।

Tags

About Author

Follow Us On Social Media