रक्षाबंधन पर भाई को बहन के लिए खरीदना था गिफ्ट
दिवंगत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा
डालटनगंज : रक्षाबंधन पर एक भाई ने अपनी बहन को गिफ्ट देने के लिए पैसा मांगा था। पैसा मांगने की कीमत भाई को जान देकर चुकानी पड़ी। भाई की हत्या कर दी गई और बाद में शव को जला दिया गया। पुलिस ने शव के अवशेष को बरामद किया है और हत्या के आरोप में बाप-बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।
हत्याकांड में हुए कई चौंकाने वाले खुलासे: पलामू के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के घुटुआ गांव से करीब सात किलोमीटर दूर जंगल से पुलिस ने मनु भुईयां उर्फ मनोज भुईयां नामक युवक के शव का अवशेष बरामद किया है। पुलिस ने मनोज भुईयां हत्याकांड का खुलासा करते हुए कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। हत्या के आरोप में पुलिस ने मनोज के गांव के ही राजेश्वर सिंह उर्फ विधायक और उसके बेटे जनेश्वर सिंह को गिरफ्तार किया है।
दरअसल, मनोज भुईयां के माता और पिता ने 10 वर्ष पहले अलग-अलग शादी कर ली थी। शादी के बाद मनोज राजेश्वर सिंह उर्फ विधायक के घर रहता था और वहीं उसका लालन पालन हुआ था। बड़े होने के बाद मनोज मजदूरी के लिए चेन्नई गया था और अपनी कमाई का सारा पैसा राजेश्वर सिंह उर्फ विधायक को देता था।
पिता से गिफ्ट खरीदने के लिए मांगे थे पैसे: रक्षाबंधन के दौरान मनोज अपने गांव लौटा। मनोज की एक बहन भी गांव से कुछ दूरी पर रहती है। रक्षाबंधन पर मनोज अपनी बहन को पैसे और गिफ्ट देना चाहता था। मनोज ने अपनी कमाई के पैसे राजेश्वर सिंह उर्फ विधायक से मांगा। जिसके बाद मनोज की गला दबाकर हत्या कर दी गई और उसके शव को जंगल में जला दिया गया।
लेस्लीगंज के थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय ने बताया कि मनोज की हत्या राजेश्वर सिंह उर्फ विधायक और उसके बेटे ने मिलकर की है। हत्या के बाद दोनों ने 16 अगस्त को शव जला दिया था। पुलिस को पूरे मामले में गोपनीय जानकारी मिली थी। जिसके बाद कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार किया गया है और शव के अवशेष को बरामद कर लिया गया है।
