गढ़वा में रेफर रेफर का खेल चल रहा है।
![]()
दिवंगत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा
गढ़वा : भाजपा जिला मीडिया प्रभारी रितेश चौबे ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि देश में झारखंड पहला ऐसा राज्य है जहां की स्वास्थ्य व्यवस्था पुरी तरह फेल हो चुकी है। गढ़वा जिले में सदर अस्पताल से लेकर प्रखंड/अनुमंडल स्तरीय स्वास्थ्य व्यवस्था फेल हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग खुद वेंटिलेटर पर चला गया है। उन्होंने कहा कि झामुमो सरकार में बैठे मंत्री विधायक अफसर सब अपनी झोली भरने में लगे हैं। अस्पताल में डॉक्टर दवा, जांच सहित एम्बुलेंस व्यवस्था खुद बीमार है। उन्होंने कहा कि गरीब मरीज जान बचाने के लिए प्राइवेट लिमिटेड अस्पताल में खुद को गिरवी रखने को मजबूर है। गढ़वा जिला सहित पूरे झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था खाट पर पड़ी सिसक रही है। अनुबंध पर बहाल डाक्टर को हेमंत सरकार वेतन तक नहीं दे रही है। झारखंड में आपातकाल की स्थिति उत्पन्न हो गई है। सदर अस्पताल गढ़वा में रेफर का खेल चल रहा है। कुछ डाक्टर इलाज करने के बजाय रेफर रेफर खेल रहे हैं। ऐसे लोग मानवता को भी शर्मशार कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि डॉक्टर पदाधिकारी दबी जुबान से सरकार को ही कोस रहे हैं। अधिकारी पदाधिकारी फंड का रोना रो रहे हैं। उन्होंने कहा कि गढ़वा में ब्लड बैंक में नेट मशीन नहीं है। जिसके कारण इमरजेंसी में भी अगर रक्त चढ़ाने की जरूरत है तो पहले उसे जांच के लिए रांची भेजा जाता है। इससे मरीजों की जान जाने का खतरा बढ़ गया है। लेकिन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी फंड का हवाला देते हुए लाचारी व्यक्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि झामुमो सरकार में जनता त्राहिमाम कर रही है। गरीब जनता के लिए सरकार कोई काम नहीं कर रही है। चारों तरफ अव्यवस्था का माहौल है।








