तीन में मिली विसंगतियाँ, चुनाव व्यय कोषांग को किया गया सूचित
कार्यालीय दस्तावेज मुद्रित कर अनधिकृत प्रसारित करने पर प्रत्याशी दीपक शर्मा पर प्राथमिकी
आचार संहिता को लेकर गढ़वा अनुमंडल में अब तक कुल चार प्रत्याशियों पर प्राथमिकी
![]()
दिवंगत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा
गढ़वा : सदर अनुमंडल पदाधिकारी सह आदर्श आचार संहिता प्रभारी पदाधिकारी संजय कुमार ने गुरुवार को आदर्श आचार संहिता के अनुपालन के क्रम में शहर के पाँच प्रिंटिंग प्रेसों पर औचक छापेमारी की। इस दौरान गढ़देवी मोहल्ला स्थित दो प्रिंटिंग प्रेस तथा इंदिरा गांधी रोड स्थित तीन प्रिंटिंग प्रेसों सहित कुल पाँच प्रतिष्ठानों की जांच में से तीन में विसंगतियां मिलीं। इन तीन में विश्वकर्मा प्रिंटिंग प्रेस, महामाया प्रिंटिंग प्रेस व शिवम प्रिंटिंग प्रेस शामिल हैं।
एसडीएम ने इन अनियमितताओं की सूचना चुनाव व्यय कोषांग सहित जिले के वरीय पदाधिकारियों को दे दी है। संबंधित प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसी क्रम में नगर परिषद अध्यक्ष पद के प्रत्याशी दीपक कुमार शर्मा के विरुद्ध उड़नदस्ता दल की ओर से गढ़वा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। आरोप है कि उन्होंने गढ़वा अनुमंडल से संबंधित कार्यालीय दस्तावेजों को स्कैन कर हजारों की संख्या में इन्हें प्रिंटिंग प्रेस से मुद्रित कराया तथा उन्हें अनधिकृत रूप से समाचार पत्रों के भीतर रख कर वितरित करवाया। उक्त कृत्य न केवल आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है, बल्कि आपराधिक कृत्य की श्रेणी में भी आता है।
सदर अनुमंडल पदाधिकारी ने बताया कि गढ़वा अनुमंडल क्षेत्र में पूरे प्रचार अभियान के दौरान अब तक आदर्श आचार संहिता उल्लंघन के मामले में चार प्रत्याशियों सुमित्रा देवी, शोभा देवी, संतोष केशरी एवं दीपक कुमार शर्मा के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज हुई है। उन्होंने सभी प्रत्याशियों से अपील की कि वे ऐसा कोई कार्य न करें जो आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों या लागू निषेधाज्ञा का उल्लंघन करता हो। प्रशासन स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है।







