स्थानीय लोगों ने एसडीएम से कालाबाजारी को लेकर की थी शिकायत
![]()
दिवंगत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा
गढ़वा : सदर एसडीएम संजय कुमार द्वारा रसोई गैस कालाबाजारी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार को बड़ी कार्रवाई की गयी। अनुमंडल पदाधिकारी के नेतृत्व में प्रखंड के हूर गांव में छापेमारी कर 70 एलपीजी सिलेंडर लदा एक पिकअप वाहन जब्त किया गया। इनमें से 17 सिलेंडर भरे हुए जब कितने 53 सिलेंडर खाली थे। बड़ी मात्रा में खाली सिलेंडर मिलने से ग्रामीणों के उस आरोप की पुष्टि हुई कि गांव में इस व्यक्ति द्वारा सिलिंडर बेचने का काम किया जा रहा था। एसडीएम संजय कुमार को व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया माध्यमों से हूर गांव में इस व्यक्ति के द्वारा ऊंचे दाम पर गैस सिलेंडरों की अवैध बिक्री और कालाबाजारी की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। सूचना के सत्यापन के पश्चात एसडीएम ने ग्राम हूर स्थित सचिन चौबे के ठिकाने पर औचक छापेमारी की, तो घर के बाहर ही अहाते में सिलेंडरों से भरा हुआ वाहन खड़ा मिल गया।
मौके पर मौजूद सचिन चौबे इन भरे और खाली सिलेंडरों के स्रोत और वितरण के संबंध में कोई भी वैध दस्तावेज या संतोषजनक स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने में विफल रहे। मामला संदिग्ध पाए जाने पर प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से सभी सिलेंडरों को जब्त कर लिया। एसडीएम ने अंचलाधिकारी सफी आलम और प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी राहुल मिंज के साथ ग्राम हूर स्थित सचिन चौबे के पास से मिले इन सिलेंडरों की गिनती करवायी। अधिकारियों ने जब्त किए गए इस स्टॉक को जनहित और सुरक्षा की दृष्टि से कल्याणपुर स्थित भारद्वाज भारत गैस एजेंसी की सुपुर्दगी में दे दिया। एसडीएम ने अंचलाधिकारी और प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को दोषी व्यक्ति के विरुद्ध सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर विधि सम्मत कार्रवाई करने का निर्देश दिया। एसडीएम ने बताया कि उन्होंने इस घटनाक्रम की जानकारी भारत गैस के स्थानीय सेल्स ऑफिसर अनिर्बान गांगुली को भी दी है। साथ ही उनसे कहा गया है कि वे गढ़वा में भारत गैस द्वारा आपूर्ति की जाने वाली एलपीजी गैस की सप्लाई चेन पर स्वयं निगरानी रखेंगे ताकि आम जनता को असुविधा न हो।
अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने आम नागरिकों से अपील की कि वे अपने आसपास हो रही किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या संदिग्ध गतिविधि की सूचना अविलंब अंचलाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी या एसडीएम को दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि उपायुक्त दिनेश यादव के निर्देशानुसार जिले में कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासनपूरी तरह प्रतिबद्ध है। कालाबाजारी पर कार्रवाई जारी रहेगी।







