लोटो के पेट्रोल पंप कर्मियों व ओबरा जाकर मृतक के परिजनों से ली जानकारी
![]()
दिवंगत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा
गढ़वा : प्लास्टिक के गैलन में पेट्रोल लेकर जा रहे एक व्यक्ति की सड़क दुर्घटना के बाद आग की चपेट में आने से मौत मामले में सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने जांच की। उल्लेखनीय है कि बीते 11 मार्च को ओबरा के 52 वर्षीय शंभू प्रसाद गुप्ता पेट्रोल पंप से प्लास्टिक के गैलन में पेट्रोल खरीदकर बाइक से अपने गांव की ओर जा रहे थे। तभी एक चार पहिया वाहन की चपेट में आकर उनकी मोपेड दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी और गैलन में आग लग गई। जिसमें वह जिंदा जल गए थे। उनके गांव ओबरा जाने पर स्थानीय लोगों ने एसडीएम को बताया कि वो पेट्रोल पंप से पेट्रोल लेकर गांव में अवैध रूप से खुदरा बिक्री किया करते थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम संजय कुमार ने संबंधित पेट्रोल पंप पहुंचकर कर्मियों से घटना के संबंध में पूछताछ की तथा पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने मृतक के परिजनों और घटना के समय मौजूद चश्मदीद लोगों से भी बातचीत कर घटना के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। मृतक के आश्रितों के जीवन यापन से जुड़ी समस्याओं के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने बताया कि पेट्रोल पंप संचालकों को पहले ही स्पष्ट निर्देश दिया गया था कि प्लास्टिक के गैलन अथवा असुरक्षित बर्तनों में पेट्रोल की बिक्री नहीं की जाए। फिर भी पेट्रोल पंप कर्मियों ने ऐसा करके नियम विरुद्ध कार्य किया है। एसडीएम ने कहा कि अभी लोटो गांव का पेट्रोल पंप प्रबंधन यह मानने को तैयार नहीं है कि यह पेट्रोल उनके यहां से खरीदा गया था। इस पर सीसीटीवी फुटेज की मांग की गई है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही एसडीएम ने आम लोगों से अपील की कि वे पेट्रोल और एलपीजी जैसे खतरनाक ज्वलनशील पदार्थों का अनधिकृत व्यवसाय न करें। छोटे लालच के चक्कर में कई बार बड़ी दुर्घटनाएं हो जाती हैं, जिससे जान-माल का भारी नुकसान हो सकता है।







