मजदूर दिवस की पूर्व संध्या पर श्रमिक कल्याण को लेकर होगा संवाद
![]()
दिवंगत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा
गढ़वा : सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार के नियमित साप्ताहिक संवाद कार्यक्रम “कॉफी विद एसडीएम” के तहत इस सप्ताह असंगठित क्षेत्र के कामगारों, विशेषकर दिहाड़ी मजदूरों को आमंत्रित किया गया है। यह कार्यक्रम मजदूर दिवस (मई दिवस) की पूर्व संध्या पर, दिनांक 30 अप्रैल गुरुवार को आयोजित किया जाएगा।
एसडीएम ने कहा कि असंगठित क्षेत्र के श्रमिक लगभग प्रतिदिन सुबह से शाम तक कठिन परिश्रम में लगे रहते हैं। ऐसे में कई बार वे अपनी व्यक्तिगत, पारिवारिक या सामूहिक समस्याओं को प्रशासन तक नहीं पहुंचा पाते। इतना ही नहीं कई बार वे लोग अधिकारियों के सामने जाने से हिचकते भी हैं। इस कॉफी संवाद पर उन्हें सादर आमंत्रित करने का उद्देश्य उन्हें एक सहज और अनौपचारिक मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे खुलकर अपनी समस्याएं, शिकायतें और सुझाव साझा कर सकें।
उन्होंने बताया कि इस दौरान श्रमिक अपने क्षेत्र और वर्ग की बेहतरी के लिए रचनात्मक सुझाव भी दे सकते हैं, जिनके व्यवहारिक क्रियान्वयन का यथासंभव प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में श्रम विभाग एवं कल्याण विभाग के संबंधित पदाधिकारियों को भी आमंत्रित किया जा रहा है, ताकि श्रमिकों को उनके अधिकारों एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा सके तथा उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाया जा सके। बताया कि उक्त कार्यक्रम गुरुवार को अनुमंडल सभा-कक्ष में प्रातः 11:00 से प्रस्तावित है।







