जमीन के कारोबार में लग रहे अपराध के पैसों पर पलामू पुलिस बरत रही सख्ती
![]()
दिवंगत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा
डालटनगंज : जमीन के कारोबार में आपराधिक गठजोड़ को लेकर पलामू पुलिस सख्त हो गई है। पुलिस को जानकारी मिली है कि जमीन के कारोबार में अपराध के पैसे का इस्तेमाल हो रहा है। जमीन के कारोबार में आपराधिक छवि वाले कई सफेदपोश या अन्य लोगों का इस्तेमाल कर रहे हैं।
जमीन के कारोबार में आपराधिक गठजोड़ को लेकर पुलिस सख्त हो गई है और अलग अलग कैटेगरी में उनकी सूची तैयार कर रही है। पलामू में तीन अलग अलग कैटेगरी में जमीन के कारोबारी और अपराधियों की सूची तैयार की जा रही है। जमीन माफिया कारोबार के लिए डीड या पावर ऑफ अटॉर्नी कागज का इस्तेमाल कर रहे हैं। सभी तरह के कागजात की डिटेल पलामू पुलिस ने खंगालना शुरू कर दिया है। पिछले कुछ वर्ष में पलामू में कितनी जमीन की डीड हुई है और पॉवर ऑफ अटॉर्नी के कागजात तैयार हुए हैं? किनके नाम पर हुआ है इसका डिटेल निकाला जा रहा है।
जमीन माफिया के लिए साफ संदेश है कि उनकी जगह जेल में है या जिला से बाहर है। जमीन के कारोबार में आपराधिक गठजोड़ के खिलाफ पुलिस सख्त है। जमीन के कारोबार पर पुलिस की नजर है। किसी भी व्यक्ति का किसी के साथ जमीन का विवाद चल रहा है और उसे लगता है कि अगले का संबंध जमीन माफिया या आपराधिक तत्वों से है उसके खिलाफ शिकायत थाना में करें। उसके बाद ही पुलिस को जानकारी मिल पाएगी कि क्या मामला है। जमीन माफिया के खिलाफ अभियान चलाकर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने की योजना है। सफेदपोश या अपराधी जो भी इसमें शामिल हैं उनके खिलाफ सख्ती से पुलिस कार्रवाई करेंगे -कपिल चौधरी, एसपी, पलामू।
जमीन माफिया विवादित जमीन को कर रहे टारगेट: जमीन कारोबार के संबंध में पुलिस को कई बड़ी जानकारी मिली है। पुलिस सभी तथ्यों का मिलान कर रही है और एक-एक कड़ी को जोड़ रही है। जमीन माफिया विवादित जमीन को टारगेट कर रहे हैं। जबकि कई जमीन के मामले में फर्जी कागजात का सहारा लिया जा रहा है।
कई लोग जानबूझकर जमीन को विवादित कर रहे हैं ताकि इसका इस्तेमाल कारोबार में किया जा सके। पुलिस यह भी जांच करेगी की जमीन के माफिया और कारोबारी तक खाली जमीन या विवादित जमीन का डिटेल कैसे पहुंच रहा है। जमीन माफिया के सहयोग करने वाले कौन-कौन लोग हैं और उन तक जानकारी कौन-कौन पहुंचा रहे हैं।
पलामू में 25 दिन में जमीन विवाद में हुई दो बड़ी घटना: पलामू में पिछले 25 दिनों में जमीन विवाद के दौरान दो बड़ी आपराधिक घटना हुई है। दोनों घटना मेदिनीनगर में हुई। 2 अप्रैल को टाउन थाना क्षेत्र में निजी बस स्टैंड के पास समीर उर्फ गुड्डू की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जमीन विवाद में ही इस घटना को अंजाम दिया गया था।
26 अप्रैल को टाउन थाना क्षेत्र के रेड़मा इलाके में विनीत तिवारी नाम के युवक का अपहरण करके हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि जमीन कारोबार के विवाद के कारण ही विनीत तिवारी की हत्या हुई। पुलिस के अनुसंधान में दोनों घटनाओं में आपराधिक गठजोड़ की बात सामने आई है।







