गांव गांव शराब दुकान खोलकर युवाओं को बना रही शराबी
दिवंगत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज़, गढ़वा: भाजपा जिला मीडिया प्रभारी रितेश चौबे ने हेमंत सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि हेमंत सरकार गांव गांव शराब दुकान खोलकर झारखंड को बर्बाद कर रही है। जहां गांव में शिक्षा सड़क स्वास्थ्य व्यवस्था को ठीक करना था। वहीं झारखंडी युवाओं को नशे के दल-दल में ढकेल कर झामुमो सरकार शराबी बना रही है। उन्होंने कहा कि झामुमो सरकार झारखंड का विकास नहीं बल्कि विनाश करने में लगी हुई है। गरीब जनता दिन भर मेहनत मजदूरी कर के पैसा कमाएगा और शाम में शराब पी कर खत्म कर देगा। मुख्यमंत्री की सोच झारखंड के उत्थान नहीं बल्कि पतन की ओर ले जा रही है। गांव में शराब दुकान खुलने से असमाजिक तत्वों का बोलबाला होगा। अपराध भी बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि झामुमो सरकार छात्रों युवाओं को टेक्निकल एजुकेशन से नहीं जोड़ रही है। जिससे उनका उत्थान हो सके। प्रदेश का छात्र युवा जब आगे बढ़ेगा तभी झारखंड का विकास और देश विदेश में मान सम्मान बढ़ेगा। लेकिन झामुमो सरकार लोगों को शराबी बनाने में अहम भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार जनहित में कोई काम नहीं कर रही है। सिर्फ वही काम कर रही है जिस से जनहानि होगी। हेमंत सरकार के फैसले से जनता मायूस है। कोई भी सरकार जनता के उत्थान के लिए काम करती है। लेकिन झामुमो सरकार के फैसले से जनता में भारी आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने कहा कि झामुमो सरकार में किसी विभाग में कोई फंड नहीं है। जनता का कोई काम नहीं हो रहा है। अधिकारी पदाधिकारी काम के नाम पर दबी जुबान फंड का रोना रो रहे हैं। आखिर झारखंड में ऐसी स्थिति क्यों उत्पन्न हुई। वृद्ध विधवा विकलांग पेंशनधारी की स्थिति अत्यंत दयनीय हो चुकी है। पिछले कई महीनों से पेंशन तक नहीं मिल रहा है। बालू के अभाव में प्रधानमंत्री आवास तक नहीं बन रहा है। गढ़वा सहित पूरे झारखंड में बिजली व्यवस्था चरमरा गयी है। जनता त्राहिमाम कर रही है। आखिर झामुमो सरकार झारखंड के जनता के साथ इतना बड़ा खेल कैसे कर सकती है। मुख्यमंत्री व्यवस्था में तत्काल सुधार करें। वरना भाजपा कार्यकर्ता जनहित में मौन नहीं रहेंगे। सड़क से सदन तक आंदोलन शुरू होगी। मौके पर भाजपा नेता संजय जायसवाल, नवीन जायसवाल सहित अन्य कई कार्यकर्ता मौजूद थे।