एक ही परिवार के चार युवकों की मौत, मातम में डूबा इलाका
रात में जहाज की तरह चलते हैं वाहन, रोज मौत का डर : ग्रामीण
![]()
दिवंगत आशुतोष रंजन
प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा
गढ़वा : गढ़वा–रेहला मुख्य मार्ग पर बेलचंपा गांव के पास रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। अज्ञात हाईवा की चपेट में आने से यह हादसा हुआ। यह इतना भयावह था कि स्कॉर्पियो वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं मृतकों के गांवों में मातम का माहौल है।
मृतकों की पहचान पलामू जिले के पांडु थाना क्षेत्र अंतर्गत लवर पांडु गांव निवासी लखन पासवान के पुत्र नरेंद्र कुमार पासवान (30 वर्ष), शंभु पासवान के पुत्र जितेंद्र पासवान (28 वर्ष), विश्रामपुर थाना क्षेत्र के भंडार गांव निवासी मनोज पासवान के पुत्र बादल पासवान (20 वर्ष) तथा अशोक पासवान के पुत्र विक्की कुमार (18 वर्ष) के रूप में की गई है। सभी मृतक आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार चारों युवक स्कॉर्पियो वाहन से बंशीधर नगर थाना क्षेत्र के बिलासपुर गांव गए हुए थे। जहां जितेंद्र पासवान की मौसेरी बहन की सगाई का कार्यक्रम था। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद सभी देर रात स्कॉर्पियो से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बेलचंपा गांव के पास तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात हाईवा ने उनकी स्कॉर्पियो को चपेट में लेकर बूरी तरह रौंद दिया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो सड़क किनारे बुरी तरह पिचक गई और वाहन में सवार चारों युवक उसमें फंस गए। हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही गढ़वा पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने कटर मशीन की मदद से स्कॉर्पियो को काटकर काफी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला और सदर अस्पताल भेजा। सदर अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने चारों युवकों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। जहां खबर लिखे जाने तक पोस्टमार्टम की प्रक्रिया चल रही थी। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंच गए। जहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। उनकी चीत्कार से सैकड़ों लोग रो पड़े। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर रात के समय हाईवा और भारी वाहनों की तेज रफ्तार आम बात हो गई है। जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। पुलिस का कहना है कि अज्ञात हाईवा की तलाश की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से मामले की जांच की जा रही है।
विधायक ने किया शोक व्यक्त :- अपने क्षेत्र के चार युवाओं का असमय काल कवलित हो जाने पर विश्रामपुर के विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इसे अपनी व्यक्तिगत क्षति बताते हुए अपने को शोकाकुल परिजनों के साथ बताया है। कहा कि आश्रितों को हर संभव सहायता व दोषी को कड़ी सजा दी जाएगी।








