आशुतोष रंजन
गढ़वा

गढ़वा : प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सतबहिनी झरना तीर्थ में झारखंड राज्य हिन्दू धार्मिक न्यास पर्षद के सदस्य संजीव कुमार तिवारी की देखरेख में नई कमेटी का चुनाव कराया जाएगा। इस दौरान आम जनों के सहयोग से सतबहिनी झरना को 17 वर्षों की अथक परिश्रम के बाद शून्य से शिखर तक पहुंचाने वाली मां सतबहिनी झरना तीर्थ एवं पर्यटन स्थल विकास समिति के अध्यक्ष श्री नरेश प्रसाद सिंह व हाईकोर्ट द्वारा निरस्त हिन्दू धार्मिक न्यास ट्रस्ट सतबहिनी झरना के पूर्व अध्यक्ष श्री रामचंद्र चंद्रवंशी की उपस्थिति में 25 सितंबर को एक आमसभा आहूत कर सतबहिनी झरना तीर्थ स्थल कांडी गढ़वा झारखंड की एक 11 सदस्यीय नई समिति गठित कर बोर्ड को प्रस्तुत किए जाने का निर्देश दिया गया है। ताकि इस विषय को बोर्ड की आगामी बैठक में सम्पुष्ट कर यथोचित आदेश निर्गत किया जा सके। मालूम हो कि प्रस्तावित आमसभा में संपूर्ण कांडी प्रखंड के सभी गांव से आम जनता भाग लेगी। जिनका सतबहिनी झरना तीर्थ के विकास में काफी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। बताते चलें कि मां सतबहिनी झरना तीर्थ एवं पर्यटन स्थल विकास समिति ने वर्ष 2001 से 2017 तक जन सहयोग से प्राप्त करोड़ों रुपए खर्च कर सतबहिनी झरना को सतबहिनी झरना तीर्थ बनाया था। 11 अक्टूबर 2017 को फर्जी तरीके से ट्रस्ट का गठन कर ग्रामीणों की कीर्ति पर एकल कब्जा जमा लिया। इसे लेकर आम जनों में काफी आक्रोश है।